'जय माता दी' लिखने पर कटा चालान तो गुस्से में लाल हुए पिंकी चौधरी, पुलिसवाले से कहा- 'तू योगी को बुला'
Pinky Chaudhary HRD: पिंकी चौधरी...ये नाम आपको याद होगा? साल 2020 में जब कुछ बाहरी लोगों ने दिल्ली के जेएनयू में घुसकर वहां के छात्रों पर हमला किया था, तो पिंकी चौधरी ने ही उस हमले की जिम्मेदारी ली थी। अब तीन साल बाद पिंकी चौधरी फिर से खबरों में हैं।
दरअसल, यूपी के गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल नाम का संगठन चलाने वाले भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो चालान काटे जाने को लेकर ट्रैफिक पुलिस के जवान से उलझते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में जो कुछ नजर आ रहा है, उसके मुताबिक, गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में एक गाड़ी पर 'जय माता दी' लिखा हुआ था, जिसके लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान ने गाड़ी का चालान कर दिया। इसके बाद गाड़ी चला रहा शख्स पुलिसकर्मी से पूछता है कि वो उस आदेश की कॉपी दिखाएं, जिसमें ऐसा करने पर चालान का प्रावधान है। गाड़ी चालक और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच बहस हो ही रही थी कि तभी पिंकी चौधरी की एंट्री होती है और वो पुलिसकर्मी से उलझ जाते हैं।
'तूने जय माता दी लिखने पर कैसे चालान किया'
ट्रैफिक पुलिसकर्मी जब बताता है कि आदेश की कॉपी एसपी साहब के पास होती है तो पिंकी चौधरी कहते हैं, 'ओ भाई एसपी ट्रैफिक से बात कर, अच्छा-अच्छा कर रहा, फोन कर...। जल्दी फोन कर, तू इंस्पेक्टर को बुला, तू किसी को बुला, जो कह रहा हूं मैं, तू वो सुन... तूने जय माता दी लिखने पर कैसे चालान कर दिया।' इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी जब बताता है कि ये माननीय योगी जी का आदेश है तो पिंकी चौधरी कहते हैं, तू योगी को ही बुला।
पिंकी चौधरी ने छीना पुलिसकर्मी का मोबाइल
इस बहस के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपने मोबाइल से घटना का वीडियो भी बना रहा होता है, जिसे पिंकी चौधरी छीनने की कोशिश करते हैं। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने भी इसपर संज्ञान ले लिया है। नंदग्राम के एसीपी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद पिंकी चौधरी नाम के शख्स पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है, साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कौन हैं पिंकी चौधरी
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में रहने वाले पिंकी चौधरी 'हिंदू रक्षा दल' नाम का संगठन चलाते हैं। अपने संगठन से ही पिंकी चौधरी मेयर का चुनाव भी लड़ चुके हैं, हालांकि जीत नहीं पाए। लव जिहाद, गौरक्षा और हिंदुत्व से जुड़े दूसरे कई मुद्दों पर विवादित बयान देकर अक्सर पिंकी चौधरी और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications