कोरोना वायरस: केंद्र सरकार ने बनाई 6 अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें, जानें क्या होगा इनका काम
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर देश के पांच शहरों में हालात गंभीर हैं। केंद्र सरकार ने इन स्थानों में कोविड-19 संबंधी हालात का वहां जाकर आकलन करने और चारों राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान एवं पश्चिम बंगाल के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने के लिए छह अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों (आईएमसीटी) का गठन किया है। टीम वहां के मौजूदा हालातों की रिपोर्ट्स केंद्र सरकार को सौंपेगी।

6 टीमों का किया गया गठन
केंद्र ने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के लिए 2 अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए 1-1 आईएमसीटी टीमों को तैनात किया है। ये टीमें राज्य के उन शहरों का आंकलन करेंगी और राज्यों को स्थिति को लेकर जरूरी दिशा निर्देश देंगी और इसकी रिपोर्ट सीधे गृह मंत्रालय को सौंपेगी। बता दें कि, इंदौर (एमपी), मुंबई और पुणे (महाराष्ट्र), जयपुर (राजस्थान) और कोलकाता, हावड़ा, मेदिनीपुर पूर्व, उत्तर 24 परगना , दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में स्थिति गंभीर है।

इन चीजों पर रखेगी नजर
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि, छह अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें (आईएमसीटी) इन संबंधित राज्यों में लॉकडाउन के नियमों के अनुसार दिशा-निर्देशों के पालन और क्रियान्वयन, आवश्यक वस्तुओं की आपर्ति, सामाजिक दूरी(सोशल डिस्टेंसिंग), स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे की तैयारी, स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और श्रमिकों एवं गरीबों के लिए स्थापित राहत शिविरों में हालात पर नजर रखेगी।

इस नियम के तहत बनाई गईं ये टीमें
केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 35 (1), 35 (2) (ए), 35 (2) (ई) और 35 (2) (i) के तहत शक्तियों का प्रयोग कर समितियों का गठन किया गया है। केंद्र ने कहा कि उक्त आईएमसीटी आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार लॉकडाउन नियमों के अनुपालन और कार्यान्वयन पर और उनके मूल्यांकन पर ध्यान केंद्रित करेंगी। बता दें कि, देश के प्रमुख हॉटस्पॉट जिलों में लॉकडाउन के उल्लंघन की व्यापकता का विश्लेषण करने के बाद केंद्र सरकार को स्पष्ट है कि स्थिति विशेष रूप से उपर्युक्त क्षेत्रों में गंभीर है और यहां केंद्र की विशेषज्ञता का उपयोग करने की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications