पेट्रोल-डीजल पर Excise duty कम होने के बाद अब राज्यों ने किया ये फैसला, जानें कितना पड़ेगा फर्क
Petrol price , Diesel price, fuel price, Govt slashes excise duty on petrol, Petrol diesel excise duty, excise duty on petrol, excise duty on diesel, fuel price excise duty reduces, fuel price excise duty reduces on diwa
नई दिल्ली, 03 नवंबर: दिवाली की पूर्व संध्या पर मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी की घोषणा की है, ऐसे में अब पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में कल यानी 04 नवंबर से 5 रुपए और 10 रुपये कम किया जाएगा। मोदी सरकार के इस फैसले के बाद आम जनता को महंगाई से राहत मिलेगी, वहीं बढ़ते जेब पर भार में भी कमी आएगी। ऐसे में केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पेट्रोलियम मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी हैं। पढ़िए...

राज्यों से की ईंधन पर वैट कम करने की अपील
केंद्र सरकार के आम जनता को राहत देने वाले इस कदम पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट करते हुए लिखा 'मैं पीएम नरेंद्र मोदी का पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में उल्लेखनीय कमी के लिए शुक्रिया अदा करता हूं। वहीं आगे उन्होंने लिखा कि रबी सीजन से ठीक पहले ईंधन उपभोक्ताओं, खासकर हमारे किसानों के लिए एक बड़ी राहत। उपभोक्ताओं को और राहत देने के लिए राज्यों को ईंधन पर वैट कम करके इस उत्सव में शामिल होना चाहिए।

उत्तराखंड में पेट्रोल 7 रुपए सस्ता होगा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा करते हुए बताया कि राज्य में पेट्रोल 7 रुपए सस्ता होगा। इसी के साथ सीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर क्रमशः ₹5 और ₹10 एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समस्त प्रदेश वासियों की ओर से हार्दिक आभार। उत्तराखण्ड सरकार ने भी पेट्रोल पर ₹2 प्रति लीटर की अतिरिक्त राहत देने का निर्णय लिया है।

हिमाचल प्रदेश जल्द जारी करेगा अधिसूचना
वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लिखा 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का सराहनीय निर्णय लिया है, इसके लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार। दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री जी ने जनता को यह विशेष राहत दी है। पहाड़ी राज्य हिमाचल में यातायात के साधन पेट्रोल और डीजल पर निर्भर हैं, ऐसे में जनता को इस रियायत का सीधा लाभ मिलेगा। पेट्रोल और डीजल पर टैक्स (VAT) कम करने को लेकर प्रदेश सरकार जल्द इसकी अधिसूचना जारी करेगी।

असम सरकार में भी 7 रुपए की कमी
इधर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पेट्रोल और डीजल पर वैट में तत्काल प्रभाव से 7 रुपए कम करने की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा 'पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कम करने के केंद्र सरकार के फैसले को जानकर खुशी हुई। प्रधानमंत्री जी के निर्णय के अनुरूप मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि असम सरकार पेट्रोल और डीजल पर वैट में भी तत्काल प्रभाव से 7 रुपए की कमी करेगी।

त्रिपुरा में पेट्रोल और डीजल ₹12 और ₹17 सस्ता
वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने 4 नवंबर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7 रुपए की कमी करने की घोषणा की है। त्रिपुरा सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा ईंधन की कीमतों में कटौती के बाद कल से त्रिपुरा में पेट्रोल और डीजल ₹12 और ₹17 सस्ता हो जाएगा।

यूपी में डीजल-पेट्रोल के दाम 12 रुपए कम
यूपी में डीजल और पेट्रोल के दाम 12-12 रुपए प्रति लीटर कम होंगे, इसकी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई है। वहीं योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के इस फैसला का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनहित में पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने के निर्णय ने दीपावली को अतिरिक्त उल्लास से भर दिया है। यह निर्णय समाज के हर वर्ग को राहत पहुंचाने वाला है। सभी प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार।

बिहार सरकार ने की सबसे कम कटौती
वहीं बिहार सरकार ने सबसे कम कटौती की है। राज्य में पेट्रोल पर वैट में 1 रुपए 30 पैसे और डीजल पर1 रुपए 90 पैसे की कटौती की है। गुजरात में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल प्रभाव से 7 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई। मणिपुर सरकार ने भी पेट्रोल और डीजल पर वैट 7 रुपए कम किए हैं। कर्नाटक और गोवा सरकार ने भी अपने राज्य में 7 रुपए प्रति लीटर की कमी करने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications