इन क्षेत्रों में वाट्सएप कॉलिंग ब्लॉक करने की तैयारी में केंद्र सरकार, जानिए वजह
दिल्ली। देश में जम्मू कश्मीर और अन्य अशांत क्षेत्र में वाट्सएप कॉलिंग को ब्लॉक करने की दिशा में केंद्र सरकार विचार कर रही है। सरकार को खुफिया एजेंसियों से ऐसे इनपुट मिले हैं जिसमें पता चला है कि आतंकी वाट्सएप कॉलिंग के जरिए अपने आकाओं से संपर्क में रहते हैं।

इस बारे में केंद्र सरकार के अधिकारियों ने कहा है कि अशांत क्षेत्रों में वाट्सएप कॉलिंग ब्लॉक करने की उपयोगिता की जांच की जा रही है। गृह सचिव राजीव गाबा की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा हुई।
सोमवार को अधिकारियों की इस बैठक में 2016 में जम्मू कश्मीर में नगरोटा आर्मी कैंप पर हुए हमले के बाद पकड़े गए आतंकियों ने जो बताया, उस पर बात हुई। जैश ए मोहम्मद के आतंकियों ने जम्मू कश्मीर पुलिस को बताया कि वे वाट्सएप कॉलिंग के जरिए सीमा पार बैठा आकाओं से निर्देश ले रहे थे।
आतंकियों की इन बातों पर गौर करते हुए देश के आतंक और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में वाट्सएप कॉलिंग ब्लॉक करने के बारे में सोचा जा रहा है। इस अहम बैठक में जम्मू कश्मीर पुलिस के टॉप अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी समेत इलेक्ट्रॉनिक और इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी मंत्रालय व टेलीकम्यूनिकेशंस डिपार्टमेंट के अधिकारी शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications