CBI विवाद पर SC में सुनवाई, अटॉर्नी जनरल बोले- CBI में लोगों का भरोसा कायम रखने के लिए सरकार का एक्शन जरूरी था
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई डायरेक्टर आलोक वर्मा की याचिका पर सुनवाई जारी है। अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट से कहा कि जिस प्रकार के हालात बन गए थे और सीबीआई के दो शीर्ष अधिकारी मामले को पब्लिक में ले गए थे, सरकार इससे चिंतित थी। सीजेआई रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली बेंच सीबीआई डायरेक्ट आलोक वर्मा की याचिका पर आज सुनवाई कर रही है।

'वर्मा को केवल छुट्टी पर भेजा गया था, सीबीआई डायरेक्टर आज भी वही'
कोर्ट ने कहा कि क्या सबूत है कि आलोक वर्मा इस लड़ाई को पब्लिक में ले गए थे, जिसके जवाब में अटॉर्नी जनरल ने कुछ अखबारों की कटिंग कोर्ट को सौंपी। केके वेणुगोपाल ने कहा कि आलोक वर्मा को केवल छुट्टी पर भेजा गया था, सीबीआई डायरेक्टर आज भी वही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात बन गए थे कि सरकार को दखल देना पड़ा। CBI में लोगों का भरोसा कायम रखने लिए सरकार का एक्शन जरूरी था।

केके वेणुगोपाल बोले- झगड़े की जानकारी अखबारों और मीडिया को है
उन्होंने कोर्ट को बताया कि सरकार देख रही थी कि शीर्ष अधिकारी किस प्रकार एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगा रहे थे और ये लोगों के बीच चर्चा का मुद्दा बन गया था। उन्होंने कहा कि सीबीआई के अफसरों के बीच चल रहे विवाद और झगड़े की जानकारी अखबारों और मीडिया को है। सब कुछ पब्लिक डोमेन में है।

आलोक वर्मा की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
विवाद के दौरान आलोक वर्मा और राकेश अस्थाना ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में 29 नवंबर को हुई पिछली सुनवाई में आलोक वर्मा को राहत नहीं मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई 5 दिसंबर तक के लिए टाल दी थी। आलोक वर्मा ने केंद्र सरकार के उन्हें छुट्टी पर भेजे जाने के फैसले को चुनौती दी थी।












Click it and Unblock the Notifications