सीबीआई ने अपने पूर्व मुखिया रंजीत सिन्हा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में दर्ज की एफआईआर
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने अपने ही पूर्व निदेशक रंजीत सिन्हा के खिलाफ कोयला घोटाला मामले में एफआईआर दर्ज की है।
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने अपने ही पूर्व निदेशक रंजीत सिन्हा के खिलाफ कोयला घोटाला मामले में एफआईआर दर्ज की है। रंजीत सिन्हा पर आरोप है कि उन्होंने सीबीआई प्रमुख के पद पर रहने के दौरान कोयला घोटाले की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी।

ऐसा दूसरी बार हो रहा है जब सीबीआई ने अपने ही किसी पूर्व निदेशक के खिलाफ मुकादमा दर्ज किया है। इससे पहले फरवरी में ही सीबीआई ने इसके पूर्व निदेशक ए.पी.सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। ए.पी.सिंह पर आरोप थे कि उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मीट निर्यातक मोइन कुरैशी की मदद की थी।
आपको बताते चले कि सुप्रीम कोर्ट ने करीब 3 महीने पहले रंजीत सिन्हा के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीशों की तीन सदस्यीय पीठ ने जनवरी में कहा था कि पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि रंजीत सिन्हा ने सीबीआई निदेशक रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया।
सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के विशेष निदेशक एम.एल.शर्मा की अध्यक्षता में एक पैनल का गठन किया था जो कि रंजीत सिन्हा मामले की जांच कर रहा है। 1974 बैच के आईपीएस अधिकारी सिन्हा 2012 से 2014 के बीच सीबीआई के निदेशक रहे। रंजीत सिन्हा पर पर आरोप है कि उन्होंने राजनीतिज्ञों और व्यवसायियों सहित कोयला घोटाले के कुछ अन्य आरोपियों से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications