भगोड़े मेहुल चोकसी की मुश्किलें बढ़ीं, CBI ने दो नई FIR दर्ज की
मेहुल चोकसी एंटीगुआ में छिपा हुआ है। उसके खिलाफ अब दो नई एफआईआर दर्ज हुई हैं।

भगोड़े मेहुल चोकसी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भगोड़े और गीतांजलि रत्न नक्षत्र ब्रांड्स के खिलाफ 55.27 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में नई प्राथमिकी दर्ज की। मेहुल अभी एंटीगुआ में है और भारत सरकार लगातार वहां की सरकार को उसके प्रत्यारोपण के लिए कह रही। मेहुल ने अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की है।
पहले मामले में मेहुल चोकसी, उसकी फर्म नक्षत्र ब्रांड लिमिटेड ने बैंकों से 807.2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। उसका भतीजा नीरव मोदी भी धोखाधड़ी में उसका साथ देता था। इस मामले में पंजाब नेशनल बैंक ने 21 मार्च 2022 को शिकायत दर्ज करवाई थी। पीएनबी को 2018 में 13,500 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं दूसरे मामले में कुल धोखाधड़ी की राशि 5564.5 करोड़ है। आरोप है कि चोकसी ने ICICI के नेतृत्व वाले 28 बैंकों के एक ग्रुप से 5500 करोड़ की धोखाधड़ी की है। हालांकि सवाल ये भी उठ रहा कि जब 2018 में ही मेहुल भाग गया था, तो बैंकों को सीबीआई से शिकायत करने में 4 साल से ज्यादा का वक्त क्यों लग गया।
नीरव को भी लगा है बड़ा झटका
आपको बता दें कि नीरव मोदी ब्रिटेन में सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रत्यर्पण की अपील करने का केस हार गया है। जिस वजह से उसके भारत प्रत्यर्पण का रास्ता बहुत हद तक साफ हो गया। नीरव के पास अब ब्रिटेन में कोई कानूनी विकल्प नहीं बचा है।
बन रही है फिल्म
सुनील शेट्टी-अनुराग कश्यप 'फाइल नंबर 323' नाम की फिल्म लेकर आ रहे हैं। ये फिल्म विजय माल्या, मेहुल चोकसी, नीरव मोदी और अन्य भारतीय करोड़पतियों के जीवन पर आधारित है, जो वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल हैं। अभी हाल ही में चोकसी ने फिल्म के निर्माताओं और एक्टर सुनील शेट्टी को कानूनी नोटिस भेजा था। चोकसी के वकील के मुताबिक उनके क्लाइंट को पहले ही मीडिया वाले बदनाम कर चुके हैं। ऐसे में अब फिल्म के जरिए भी उनकी छवि खराब करने की कोशिश हो रही, जबकि उन पर फैसला आना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications