योगेश गौड़ा हत्याकांड: कांग्रेस नेता को सीबीआई ने हिरासत में लिया, मंत्री केएस ईश्वरप्पा बोले- अब पहले जैसी स्थिति नहीं
बेंगलुरू। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पूर्व कर्नाटक मंत्री और कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी को गुरुवार को हिरासत में ले लिया है। सीबीआई ने विनय कुलकर्णी को 2016 के योगेश गौड़ा हत्याकांड मामले में हिरासत में लिया है। आपको बता दें योगेश गौड़ा धारवाड़ से भाजपा नेता था। अब पुलिस इस मामले में कुलकर्णी से पूछताछ करेगी। सीबीआई इस हत्या के मामले में कुलकर्णी की भूमिका जानने की कोशिश करेगी।

इस मामले में कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा है, अतीत में कुछ राजनेता अपने पैसे और राजनीति की ताकत से आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। अब स्थिति बदल चुकी है। सीबीआई उनसे (विनय कुलकर्णी) पूछताछ करेगी।
जानकारी के मुताबिक कुलकर्णी को राकेश रंजन की अगुवाई में सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने उनके घर से हिरासत में लिया है। कुलकर्णी का घर कर्नाटक के धारवाड़ जिले के बाराकोटरी में स्थित है। उन्हें सीबीआई पूछताछ के लिए धारवाड़ उपनगरीय पुलिस स्टेशन लेकर गई है। आपको बता दें साल 2016 में 15 जून को कुलकर्णी के एक मुखर आलोचक योगेश गौड़ा की धारवाड़ के सप्तपुर में हत्या हो गई थी।
गौड़ा की पांच बदमाशों ने हत्या कर दी थी। उस समय वह जिम जा रहे थे। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बाद में इन पांच बदमाशों को पकड़ा भी गया, जिनकी पहचान कुलकर्णी के करीबी सहयोगियों के रूप में हुई थी। उस समय कुलकर्णी मंत्री थे। ऐसा बताया गया कि संपत्ति विवाद के चलते गौड़ा की हत्या की गई थी। जब राज्य में भाजपा की सरकार आई तब बीते साल सितंबर महीने में इस मामले को सीबीआई को सौंपा गया। इस मामले में इसी साल मार्च महीने में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications