CAA: दरियांगज हिंसा मामले में गिरफ्तार 15 लोगों को जमानत
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के दरियागंज इलाके से गिरफ्तार 15 लोगों को जमानत मिल गई है। दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने गुरुवार को आरोपियों की जमानत अर्जी मंजूर की। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने, पुलिस पर पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में इन लोगों को गिरफ्तार किया था।

नागरिकता कानून के खिलाफ भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर 20 दिसंबर, 2019 को दिल्ली की जामा मस्जिद पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। हजारों की तादाद में लोग उनके साथ जमा हुए थे। वो यहां ये जंतर-मंतर जाना चाहते थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। जिसके बाद मस्जिद के बाहर ही प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शाम होने के बाद हिंसा हुई थी। दरियागंज पर दिल्ली गेट के पास पथराव आर आगजनी हुई थी। पुलिस ने बल प्रयोग किया था और गिरफ्तारियां की थीं। जिसके बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया था। 18 दिन बाद इनको अब जमानत मिली है।
बता दें कि नागरिकता संशोधन एक्ट, 2019 को बीते महीने सदन से मंजूरी मिली है। इस कानून में पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता का प्रस्ताव है।
कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल और कई सामाजिक संगठन इस कानून का विरोध कर रहे हैं। देशभर की बड़ी यूनिवर्सिटियों के छात्र भी इसके खिलाफ सड़कों पर हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि धर्म के आधार पर कानून बनाना भारत के संविधान पर हमला है। इस कानून के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस कानून के पास होने के बाद से ही देशभर में लगातार प्रदर्शन जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications