'महिला होने के नाते पूछताछ के लिए ED मेरे घर आ सकती थी, लेकिन...', समन पर BRS MLC कविता का पलटवार
Delhi Liquor Scam: ईडी के समन पर कविता ने पलटवार किया है। उनका आरोप है कि तेलंगाना में बैक डोर एंट्री के लिए बीजेपी ये साजिश रच रही।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) एमएलसी के. कविता को प्रवर्तन निदेशालय ने तलब किया था। जिसको लेकर उन्होंने केंद्र और बीजेपी पर पलटवार किया है। कविता के मुताबिक मोदी सरकार लगातार ईडी का इस्तेमाल अपने राजनीतिक लाभ के लिए कर रही, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ये जानती है कि उसे तेलंगाना में बैक एंट्री नहीं मिल सकती है।
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कविता ने कहा कि मैंने ईडी से निवेदन किया था कि वो मेरे समन को आगे बढ़ा दें, क्योंकि 10 मार्च से महिला आरक्षण बिल को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन था, जिसका वो समर्थन कर रही थीं। मुझे नहीं पता कि दिल्ली शराब घोटाले की जांच में ईडी क्यों इतनी जल्दबाजी कर रही है। जब भी किसी जांच एजेंसी को महिला से पूछताछ की जरूरत पड़ती है, तो वो महिला के घर पर आकर पूछताछ कर सकती है। ये महिलाओं के लिए मौलिक कानून है। इसी के आधार पर मैंने ईडी से कहा था कि वो मेरे घर आ जाएं और पूछताछ कर लें, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
कविता ने आगे कहा कि मैं धरने के लिए राजधानी दिल्ली में हूं और बीजेपी सरकार पर महिला आरक्षण विधेयक पेश करने के लिए दबाव बना रही। उनकी पार्टी इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट में ले जाएगी और भारत में एक क्रांतिकारी योजना का प्रस्ताव देगी ताकि अगर कोई पुलिस या एजेंसी किसी महिला से पूछताछ करना चाहती है, तो वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऐसा करे। ये उनके ही नहीं पूरी देश की महिलाओं के लिए आम बात है।
बीआरएस डरने वाली नहीं: कविता
आपको बता दें कि इस साल तेलंगाना में विधानसभा के चुनाव होंगे। कविता का आरोप है कि उनके पिता और पार्टी को डराने के लिए बीजेपी ऐसा करवा रही, लेकिन वो लोग डरने वाले नहीं हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वो ईडी के साथ सहयोग करेंगी क्योंकि वो एजेंसियों के दायित्व को समझती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले जून से सरकार लगातार एजेंसियों को तेलंगाना भेज रही थी। उन्होंने दावा किया कि ये एक पैटर्न था जिसे बीजेपी द्वारा 9 राज्यों में इस्तेमाल किया जा रहा। हर चुनावी राज्य में बीजेपी ने जांच एजेंसियों की मदद से बैक डोर एंट्री करने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications