आतंक पर मोदी ने चला ऐसा दांव, पाक को बोलना पड़ा- कबूल, कबूल, कबूल
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि अगर लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों पर लगाम नहीं लगाई गई तो देश शर्मिंदा होता रहेगा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति की वजह से पाकिस्तान एक बार फिर से बेनकाब हुआ है। अब पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कबूल किया है कि उसकी जमीन से लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठन संचालित हो रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि अगर लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों पर लगाम नहीं लगाई गई तो देश शर्मिंदा होता रहेगा।

आसिफ ने कहा कि ब्रिक्स की घोषणा को चीन का आधिकारिक नजरिया नहीं माना जा सकता, क्योंकि चीन के अलावा भारत, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश भी इस संगठन के सदस्य हैं। उन्होंने चीन की इस बात के लिए तारीफ भी की कि उसने ब्रिक्स घोषणा में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के नाम को भी रेखांकित किया गया है जो अफगानिस्तान से संचालित हो रहा है और पाकिस्तान में कई आतंकी हमले करने में इसका हाथ है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ का ये बयान ब्रिक्स घोषणापत्र के दो दिन बाद आया है जिसमें पहली बार पाकिस्तान से संचालित हो रहे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधित संगठनों का नाम लिया गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हक्कानी नेटवर्क जैसे आतंकवादी समूहों को 'पनाह' देने के लिए पाकिस्तान को सार्वजनिक तौर पर कड़ी फटकार लगाई थी। आसिफ ने पाकिस्तान से संचालित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद समेत अन्य प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों के अस्तित्व को स्वीकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications