सोनू सूद का देश के डॉक्टरों से सवाल, पूछा-जान बचाने के लिए कोई और दवा क्यों नहीं ?
मुंबई, मई 19: कोरोना की दूसरी लहर देश में अपना कहर बरपा रही है। हालांकि पिछले चार दिनों से देश में नए मामलों में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन मौत के आंकड़ों में कोई कमी नहीं हो रही है। अस्पतालों में कोविड बेड से लेकर दवाओं और ऑक्सीजन का टोटा अभी भी बना हुआ है। इस बीच कोरोना महामारी में एक मसीहा बनकर लोगों की मदद कर रहे हैं सोनू सूद ने रेमडेसिविर इंजेक्शन की किल्लत पर ट्वीट करते हुए डॉक्टरों से कुछ सवाल किए हैं। हालांकि उन्होंने इंजेक्शन का नाम नहीं लिया है, लेकिन शायद उनका इशारा उसी तरफ हैं।

पिछले साल कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन में श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को उनके घर पहुंचाने का बीड़ा उठाकर अचानक फिल्मों के विलेन से असल लाइफ में हिरो बने सोनू सूद की मदद का सिलसिला करीब डेढ़ साल से जारी है। अब कोरोना की दूसरी लहर के बीच वो मरीजों के लिए इलाज से लेकर दवा और ऑक्सीजन के लिए मदद कर रहे हैं, जिसकी जानकारी खुद सोनू सूद सोशल मीडिया पर देते हैं। लेकिन इस बार उनका एक ट्वीट डॉक्टर्स के लिए है, जिसमें उन्होंने कोरोना मरीजों के इलाज में काम आने वाले इंजेक्शन को लेकर किया है।
अपने लेटेस्ट ट्वीट में सोनू सूद ने देश के डॉक्टर्स से सवाल करते हुए लिखा है कि एक सिंपल सवाल, जब हर कोई जानता है कि एक खास इंजेक्शन कहीं उपलब्ध नहीं है, तो हर डॉक्टर उस इंजेक्शन की सिफारिश क्यों करता है? जब अस्पतालों को वो दवा नहीं मिल रही है तो आम आदमी को कैसे मिलेगी? लोगों की जिंदगी बचाने के लिए हम उस दवा की जगह कोई और दवा का इस्तेमाल क्यों नहीं कर सकते हैं ?
आपको बता दें कि देश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की भारी किल्लत अभी भी बनी हुई है। कोरोना की दूसरी लहर के बीच एक बार फिर से इस इंजेक्शन की मांग बहुत ज्यादा बढ़ गई है। 3 हजार का यह इंजेक्शन बाजार में ब्लैक में 30 हजार से लेकर 50 हजार तक बिक रहा हैं।












Click it and Unblock the Notifications