ट्रोलर्स को 'शंहशाह' का करारा जवाब, चैरिटी की लिस्ट शेयर कर कही दिल छू लेने वाली बात
मुंबई, मई 10: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वो मोटिवेशनल के साथ-साथ कभी मजाकिया अंदाज वाले पोस्ट भी शेयर करते हैं। इतना ही नहीं वो अपने फैंस के सवालों के जवाब देने से भी नहीं हिचकते, लेकिन देश में फैले कोरोना वायरस के बाद कुछ लोगों ने उनसे सवाल करना शुरू कर दिया था।हाल ही में उन्होंने एक यूजर के कमेंट पर अपनी तरफ से किए गए सहायता के कामों की पूरी लिस्ट शेयर कर दी। बिग बी ने यहां तक भी बताया कि उन्होंने कहां और कैसे अब तक कोरोना संक्रमण के दौर में लोगों को मदद पहुंचाई है।

बिग बी ने दिया निगेटिव कमेंट्स का जवाब
दरअसल, इन दिनों पूरा देश कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहा है। स्थिति यह है कि वायरस की घातक दूसरी लहर से निपटने के लिए सरकार अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रही है। देश में ऑक्सीजन और दवाओं की किल्लत के बीच कुछ बॉलीवुड हस्तियां भी आगे आईं हैं और अपने-अपने तरीके से राहत पहुंचाने का काम कर रही हैं। ऐसे माहौल में कुछ यूजर्स ने अमिताभ के पोस्ट पर कमेंट करते हुए सवाल किए कि जब देश संकट में है तो आप इस दौरान क्या कर रहे हैं, जिसके बाद अपने ब्लॉग में अभिनेता अमिताभ बच्चन ने उन निगेटिव कमेंट्स का जवाब दिया और इस महामारी के दौर में उनकी तरफ से किए गए कामों की लिस्ट के बारे में बताया।

'बोलने में कभी नहीं रखते विश्वास'
यहीं नहीं अपने ब्लॉग ने अमिताभ बच्चन ने लिखा कि वो और उनका परिवार धर्मार्थ प्रयासों के बारे में सार्वजनिक रूप से बोलने पसंद नहीं करते हैं। इसे हम 'शर्मनाक' मानते हैं, लेकिन हर दिन दुर्व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियों की जा रही है। उन्होंने कहा कि हम लोग भी चैरिटी करते हैं, लेकिन उसके बारे में बोलने में कभी विश्वास नहीं रखते हैं। उसके बाद उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने क्या-क्या मदद के काम किए हैं।

अमिताभ बच्चन ने गिनाए अपने काम
अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि उन्होंने दिल्ली में एक कोविड-19 सेंटर में बेहतर सुविधा के लिए 2 करोड़ रुपए का योगदान दिया है। इसके अलावा उनकी तरफ से 1500 से अधिक किसानों के बैंक लोन का भुगतान किया गया और उन्हें आत्महत्या करने से रोका गया। यहीं नहीं पिछले साल 4 लाख डेली वर्कर्स को खाना खिलाया। वहीं मुंबई में लगभग 5000 लोगों के लिए दो टाइम के खाने की व्यवस्था की गई। फ्रंटलाइन वर्कर्स, पुलिस और अस्पतालों में मास्क, पीपीई किट पहुंचाई गई। इसके अलावा उन्होंने बताया कि यूपी और बिहार के स्थानों के लिए 30 बसें बुक की और मजदूरों के रात भर की यात्रा के लिए भोजन-पानी की पूरी व्यवस्था की थी।

बिग बी के कामों की लंबी है लिस्ट
अपने ब्लॉग के जरिए बिग बी ने बताया कि प्रवासी यात्रियों को मुंबई से यूपी तक एक पूरी ट्रेन बुक की थी। जब ट्रेनों को ट्रेन को रद्द कर दिया तो तुरंत 3 इंडिगो एयरलाइन के विमानों से लोगों को उनके घर भेजा। उन्होंने कहा कि यूपी और बिहार और राजस्थान और जम्मू कश्मीर के लिए प्रत्येक उड़ान में 180 प्रवासी थे। वहीं पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की पत्नियों और बच्चों की आर्थिक मदद की। अमिताभ ने लिखा कि उन्होंने बीएमसी के लिए 20 वेंटिलेटर की भी व्यवस्था की है और रकाबगंज साहिब गुरुद्वारा में स्थापित की गई सुविधा के लिए भी दान किया है।

दो बच्चों को भी लिया है गोद
इसके अलावा उन्होंने पूरे डायग्नोस्टिक सेंटर का दान दिया है। कोरोना से अपने अपने माता-पिता को खोने वाले दो बच्चों को गोद लिया है और उनका खान-पान के अलावा 10वीं तक की पढ़ाई का खर्चा भी उठा रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने कहा कि हमारा परिवार जरूरतमंदों की मदद करते हैं, लेकिन इसके बारे में बताते नहीं है। बस हमें और मदद पाने वाले को इसके बारे में जानकारी होती है।












Click it and Unblock the Notifications