मुंबई एयरपोर्ट पर खोया जूही चावला का डायमंड इयरिंग, बोलीं- 15 साल से पहन रही हूं, ढूंढने में मदद करें
मुंबई। आमतौर पर ऐसा कई लोगों के साथ होता है, जब वह किसी एक चीज से इतना जुड़ जाते हैं कि उनके लिए उसके बिना रह पाना मुश्किल हो जाता है। ये चीजें कपड़े का टुकड़ा, पेन, कोई सिक्का, किताब, इयरिंग या कुछ भी हो सकती हैं। ऐसे में अगर ये चीज खो जाए तो इसे चाहने वाले को काफी परेशानी होती है। ऐसा ही कुछ बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला के साथ भी हो रहा है। इसे लेकर उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लोगों से मदद करने को कहा है। दरअसल जूही चावला का डायमंड इयरिंग मुंबई एयरपोर्ट पर कहीं खो गया है, जिसे वह पिछले 15 साल से पहन रही थीं।
Recommended Video

अब उन्होंने अपने इयरिंग के दूसरे पीस की तस्वीर शेयर करते हुए कहा है, 'आज सुबह जब मैं मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के गेट नंबर 8, टी2 पर पहुंची, अमीरात काउंटर पर चेकिंग... सिक्योरिटी चेक इमिग्रेशन के दौरान कहीं पर मेरा डायमंड इयरिंग फिसल कर गिर गया। अगर कोई इसे ढूंढने में मेरी मदद कर सकता है, तो काफी अच्छा होगा। कृपया पुलिस को बताएं और आपको पुरस्कृत करने में मुझे खुशी होगी। ये मैचिंग पीस है, मैं इन इयरिंग्स को बीते 15 साल से लगभग हर दिन पहनती आ रही हूं। कृपया इसे ढूंढने में मेरी मदद करें।'
जूही चावला के ट्वीट पर लोग काफी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। इस ट्वीट को अभी तक दस हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। पोस्ट को 1.2 हजार लोगों ने शेयर किया है और बहुत से लोगों ने कमेंट कर इसपर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि अभिनेत्री को उनके इयरिंग का दूसरा पीस भी जल्द मिल जाए। एक यूजर ने कमेंट कर कहा है, 'आशा है कि आपको ये मिल जाए।' एक अन्य यूजर ने कहा, 'इसे ट्वीट करने का मतलब ये है कि यह आपके लिए काफी महत्व रखता है। उम्मीद है ये आपको वापस मिल जाए।' हालांकि अपने इस ट्वीट के बाद से जूही चावला ने इसे लेकर अभी तक कोई अपडेट शेयर नहीं किया है।












Click it and Unblock the Notifications