ऋषि कपूर ने शेयर की कनिका कपूर की तस्वीर, लिखा- 'टाइम भारी है... डरता हूं, हे मालिक रक्षा करना'
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने सिंगर कनिका कपूर की एक तस्वीर शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा है, 'कोई गलत काम ना हो कभी...'
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 'बेबी डॉल मैं सोने दी' और 'चिटियां कलाइयां' फेम सिंगर कनिका कपूर इस वायरस की चपेट में आ गई। लंदन से लौटने के बाद कनिका कपूर ने लखनऊ में पार्टी की, जिसमें पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत समेत देश की कई दिग्गज हस्तियां भी शामिल हुईं। जैसे ही पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, प्रशासन हरकत में आ गया और कनिका कपूर के ऊपर संवेदनशील जानकारी छुपाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई। अब इस मामले को लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने भी ट्वीट किया है।
Recommended Video

'आज कल कुछ 'कपूर' लोगों पर टाइम भारी है'
अभिनेता ऋषि कपूर ने अपने ट्वीट में यस बैंक के पूर्व सीईओ राणा कपूर और सिंगर कनिका कपूर की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ अपनी पोस्ट में ऋषि कपूर ने लिखा है, 'आज कल कुछ 'कपूर' लोगों पर टाइम भारी है। डरता हूं। हे मालिक रक्षा करना दूसरे 'Kapoor-on' की। कोई गलत काम ना हो कभी। जय माता दी।'
'होटल ताज में लोगों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था क्यों नहीं थी'
इसके बाद एक और ट्वीट करते हुए ऋषि कपूर ने लिखा, 'सोचिए, चलो दिल्ली एयरपोर्ट से तो निकल गई। लखनऊ के 'द ताज होटल' जैसी एक बड़ी जगह पर लोगों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था क्यों नहीं थी। आखिरकार ताज एक बड़ा नाम और बड़ी जगह है। निश्चित रूप से वे पता लगा सकते थे!' आपको बता दें कि शुक्रवार को सिंगर कनिका कपूर की कोरोना वायरस की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद कनिका कपूर को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।

कोरोना वायरस ने इंस्टाग्राम पर लिखी पोस्ट
टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कनिका कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'हेलो, पिछले 4 दिनों से मुझे मेरे अंदर फ्लू के संकेत लग रहे थे, मैंने अपना टेस्ट कराया और मेरा कोरोना वायरस का रिजल्ट पॉजिटिव आया है। मेरा परिवार और मैं इस समय पूरी तरह क्वारंटाइन में हैं और आगे के इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह ले रहे हैं। 10 दिन पहले जब मैं लंदन से घर लौटी तो एयरपोर्ट पर मेरी जांच की गई थी, जैसे कि सामान्य तौर पर की जाती है, लेकिन अभी चार दिन से ये लक्षण दिखाई दिए हैं। इस स्टेज पर मैं आप सभी से निवेदन करना चाहूंगी कि खुद को आइसोलेशन में रखें और अगर आपको लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अपनी जांच कराएं।'

'एक सामान्य फ्लू और हल्के बुखार की तरह...'
कनिका ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, 'मैं इस समय ठीक-ठीक महसूस कर रही हूं, जैसे कि एक सामान्य फ्लू और हल्के बुखार में होता है। हालांकि इस समय हमें एक जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने आस-पास के लोगों के बारे में सोचने की जरूरत है। हम बिना परेशान हुए, बिना घबराए इससे बाहर निकल सकते हैं, लेकिन उसके लिए हमें अपने स्थानीय प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। आप सब लोग स्वस्थ रहें। जय हिंद।'

कनिका के खिलाफ 3 एफआईआर दर्ज
आपको बता दें कि इस मामले को लेकर कनिका कपूर के खिलाफ लखनऊ में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। दरअसल कनिका कपूर ने लंदन से लौटने के बाद लखनऊ में पार्टी की थी। इस पार्टी में कई राजनीतिक हस्तियां भी शामिल हुईं थी। इसके अलावा कनिका कपूर इसी दौरान यूपी के कानपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां भी गईं। कनिका कपूर के पिता ने बताया कि लंदन से लौटने के बाद उनकी बेटी करीब 300 से 400 लोगों के संपर्क में आई है। वहीं, कनिका कपूर ने बताया कि उसने कोई पार्टी नहीं की और वो केवल 10-20 लोगों से मिली हैं।

पार्टी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हालांकि कुछ देर बाद ही कनिका का झूठ पकड़ा गया और लखनऊ में की गई पार्टी के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। तस्वीरों में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और उनके बेटे सांसद दुष्यंत सिंह भी नजर आए। खबर मीडिया में आने के बाद वसुंधरा राजे ने ट्वीट करते हुए कहा कि वो कनिका कपूर के साथ एक डिनर में शामिल हुईं थी। वसुंधरा राजे ने बताया कि कनिका कपूर की रिपोर्ट पता चलने के बाद उन्होंने और उनके बेटे दुष्यंत सिंह ने खुद को क्वेंनटाइन कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications