ऋषि कपूर ने सुपरहिट 'बॉबी' से बतौर हीरो बॉलीवुड में किया था डेब्यू, दर्शक भूल नहीं पाएंगे ये 10 यादगार फिल्में
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) का 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार थे। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करके फैंस को इसकी जानकारी दी है। बीती रात उन्हें खराब स्वास्थ्य की वजह से मुंबई के Sir H. N. Reliance Foundation अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा था। उनके निधन की खबर से हर कोई सदमे में है।
Recommended Video

फिल्म- मेरा नाम जोकर (1970)
ऋषि कपूर ने हिंदी सिनेमा में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत बतौर बाल कलाकार राज कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' से की थी। 1970 में रिलीज हुई इस फिल्म में ऋषि कपूर ने 14 वर्षीय लड़के की भूमिका निभाई थी, जो अपनी शिक्षिका से प्रेम करने लगता है। अपनी इस भूमिका को ऋषि कपूर ने इस तरह निभाया कि दर्शक भावविभोर हो गए थे।

फिल्म- बॉबी (1973)
ऋषि कपूर ने 1973 में आई फिल्म 'बॉबी' से बतौर हीरो अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके लिए ऋषि कपूर को बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया था। फिल्म को ऋषि के पिता राज कपूर ने डायरेक्ट किया था और फिल्म में ऋषि कपूर के अपोजिट डिंपल कपाड़िया नजर आई थीं। तब से लेकर आजतक वह हर किसी के दिलों पर राज कर रहे हैं।

फिल्म- लैला मजनू (1976)
ऋषि कपूर की ये फिल्म साल 1976 में आई थी। इस फिल्म में उन्होंने मजनू का किरदार निभाया था। उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म में उनके साथ रंजीता कौर मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म लैला मजनू से ऋषि कपूर को खास पहचान मिली थी।

फिल्म- बोल राधा बोल (1992)
बोल राधा बोल फिल्म साल 1992 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन डेविड धवन द्वारा किया गया है और मुख्य भूमिकाओं में ऋषि कपूर और जूही चावला थे। फिल्म रिलीज होने के बाद एक बड़ी हिट साबित हुई और साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। जूही चावला को फिल्म में उनके प्रदर्शन के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार में नामांकन मिला था।

फिल्म- लव आज कल (2009)
इस फिल्म में ऋषि कपूर का किरदार काफी अलग था। फिल्म लव आज कल में उन्होंने एक सरदार का किरदार निभाया था। उनका अभिनय लोगों को आज भी पसंद आता रहा है। उनके साथ इस फिल्म में अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में थे। फिल्म लव आज कल साल 2009 में रिलीज हुई थी।

फिल्म- अग्निपथ (2012)
ऋषि कपूर की ये फिल्म उनकी यादगार फिल्मों में से एक है। इसमें उनका किरदार शायद की कभी कोई भूल पाए। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम का 'राउफ लाला' था। फिल्म अग्निपथ साल 2012 में आई थी। फिल्म में ऋषि कपूर के साथ अभिनेता ऋतिक रोशन और संजय दत्त मुख्य भूमिका में थे।

फिल्म- डी-डे (2013)
ये फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई थी। फिल्म में उन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाया था। इसमें ऋषि कपूर के साथ अभिनेता इरफान खान और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आए थे।

फिल्म- कपूर एंड संस (2016)
साल 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म में ऋषि कपूर ने 90 साल के बुजुर्ग का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके किरदार का नाम 'अमरजीत' होता है जिन्हें सब लोग दादाजी कहते हैं। फिल्म कपूर एंड संस में ऋषि कपूर के साथ अभिनेता सिद्धार्थ कपूर, अलिया भट्ट और फवाद खान मुख्य भूमिका में थे।

फिल्म- 102 नॉट आउट (2018)
ये फिल्म साल 2018 में आई थी। इसमें ऋषि कपूर ने लंबे समय बाद अपने पुराने दोस्त और दिग्गज कलाकार अमिताभ बच्चन के साथ काम किया था। फिल्म 102 नॉट आउट में ऋषि कपूर ने अमिताभ बच्चन के बेटे का किरदार निभाया था, जिसकी उम्र 75 साल होती है। जबकि अमिताभ बच्चन 102 साल के बुजुर्ग के किरदार में थे।

फिल्म- मुल्क (2018)
साल 2018 में आई फिल्म मुल्क में ऋषि कपूर का किरदार काफी दमदार था। फिल्म में उनका अभिनय काफी यादगार है। फिल्म मुल्क में उन्होंने बनारस के वकील 'मुराद अली मोहम्मद' का ऐसा रोल किया था जिसका भतीजा आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होता है। इस फिल्म में ऋषि कपूर के अलावा अभिनेत्री तापसी पन्नू और अभिनेता प्रतीक बब्बर भी मुख्य भूमिका में थे।












Click it and Unblock the Notifications