यूक्रेन में मारे गए छात्र नवीन का शव सोमवार को पहुंचेगा बेंगलुरु, सीएम बोम्मई ने दी जानकारी
बेंगलुरु, 18 मार्च। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने बताया है कि यूक्रेन के खारकीव में जंग के दौरान मारे गए मेडिकल छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगोदरम का शव सोमवार 21 मार्च को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहुंचेगा। कर्नाटक सीएम ने एक ट्वीट में लिखा नवीन का शव बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह 3 बजे पहुंचेगा।

खारकीव मेडिकल यूनिवर्सिटी में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे कर्नाटक के नवीन 1 मार्च को उस समय मारे गए थे जब वह पास की ही एक दुकान में खाने का सामान लेने गए थे। जंग के दौरान नवीन ने बंकर में शरण ली थी और पिछले कई दिनों से सिर्फ टॉफी और बिस्किट के सहारे थे। जहां वह सामान लेने गए थे वह जगह उनके बंकर से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर थी।
यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के छठें दिन भारतीय छात्र की मौत की सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने निंदा की थी और सरकार से नवीन का शव वापस लाने की मांग की थी।
नवीन की हत्या के बाद भारत ने रूस और यूक्रेन को एक कड़े शब्दों में संदेश भेजा था। इसमें जो सुमी और खार्किव के युद्धक्षेत्रों में निकासी की प्रतीक्षा कर रहे भारतीयों की सुरक्षा की मांग की गई थी।
विदेश मंत्रालय ने ऑपरेशन गंगा के तहत युद्धग्रस्त यूक्रेन से अब तक 22,500 से अधिक भारतीयों, जिनमें ज्यादातर मेडिकल छात्र हैं, को निकाला है। रूस द्वारा यूक्रेन में अपना सैन्य आक्रमण शुरू करने के दो दिन बाद 26 फरवरी को बचाव अभियान शुरू किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications