ओडिशा में बड़ा हादसा, महानदी में नाव डूबने से एक की मौत, 7 लापता
ओडिशा के झारसुगुड़ा में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां महानदी में नाव डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 7 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
इस हादसे में जिनकी मौत हुई है और जो लापता हुए हैं उनकी पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार मृतक महिला है। झारुसुगुड़ा के डीएम अबोली सुनील नरवाने ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।

इस हादसे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख जाहिर किया है। नवीन पटनायक ने हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए 4 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि जिन लोगों को बाहर निकाला गया है उन्हें बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए। घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की है।
जानकारी के अनुसार नाव पर तकरीबन 50 लोग सवार थे। इसी दौरान नाव महानदी में पलट गई। हादसे में दो लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। हादसे के बाद मौके पर पांच गोताखोरों की टीम लोगों को बचाने के लिए लगाई गई।
यह हादसा लखनपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सारदा के पास महानदी का है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बरगढ़ जिले के बांधीपाली क्षेत्र से यात्रियों को लेकर यह नाव जा रही थी। इस बीच सारदा के पास यह हादसा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications