जम्मू-कश्मीर: बीजेपी नेता की अस्पताल में मौत, कल आतंकी हमले में हुए थे घायल
श्रीनगर। एक बड़ी खबर बडगाम से है, जहां पर आतंकियों के हमले में घायल हुए बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अब्दुल हामिद नजर की इलाज की दौरान मौत हो गई है। रविवार को आतंकियों ने उन पर गोलियों से हमला कर दिया था। मालूम हो कि आतंकियों ने अब्दुल हमीद के घर में घुसकर उन्हें गोली मारी और वहां से फरार हो गए थे, अब्दुल हमीद को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गौरतलब है कि बीते 6 अगस्त को भी ऐसी ही घटना सामने आई थी, कुलगाम स्थित वेसू में आतंकियों ने स्थानीय सरपंच सज्जाद अहम खांडे को उनके घर के बाहर गोली मार दी थी। घटना के बाद सरपंच को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई थी, इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि आतंकियों ने सज्जाद को उनके घर के सामने ही निशाना बनाया, वह वेसू में स्थित सुरक्षित इलाके में रहते थे। उन्होंने 6 अगस्त को ही कैंप छोड़ा था और अपने घर जा रहे थे, इसी दौरान घर से 20 मीटर दूर आतंकियों ने उन पर गोली मार दी और फरार हो गए थे, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हेंं मृत घोषित कर दिया।
घाटी में दहशत, पुलिस आंतकियों की तलाश में जुटी
बता दें कि इससे पहले 4 अगस्त भाजपा नेता आरिफ अहमद को भी आतंकियों ने गोली मारी थी और फरार हो गए थे। जबकि इससे पहले जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी, उनके पिता और भाई को आतंकियों ने गोली मारी थी जिसके बाद तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात को आतंकियों ने उस वक्त अंजाम दिया जब बीजेपी नेता अपने पिता और भाई के साथ दुकान पर थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से घाटी में दहशत पैदा हो गई है, फिलहाल पुलिस आंतकियों की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications