सुनील बंसल को यूपी से हटाकर तेलंगाना भेज सकती है बीजेपी
नई दिल्ली, 30 जुलाई: पिछले कई सालों से बीजेपी के दिग्गज नेता सुनील बंसल उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। अब खबर आ रही है कि जल्द ही पार्टी उनको संगठन मंत्री के पद से हटा सकती है। पार्टी के अंदरुनी सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में बंसल को तेलंगाना भेजा जाएगा, वहां पर अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। इस वजह से उनको बीजेपी को सत्ता में लाने की जिम्मेदारी मिलेगी। हालांकि अभी तक इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। अभी हाल ही में स्वतंत्र देव सिंह ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।

दरअसल काफी वक्त से बीजेपी की नजर तेलंगाना पर है, लेकिन वहां पर TRS और ओवैसी की पार्टी कब्जा जमकर बैठी है। बीजेपी हाईकमान ने भी इस बार वहां पर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। इसी वजह से इस साल हैदराबाद में बीजेपी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आयोजन किया था। जिसमें तेलंगाना को लेकर प्राथमिकता स्पष्ट कर दी गई। इसके अलावा कई बार पीएम मोदी भी तेलंगाना का दौरा कर चुके हैं। यूपी विधानसभा चुनाव की जीत में बंसल की अहम भूमिका थी, ऐसे में पार्टी ने उनको यहां से हटाकर तेलंगाना भेजने का मन बनाया है।
बंसल 8 साल से ज्यादा वक्त से यूपी में बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं। उनको 2014 में पार्टी ने यूपी का को-इंचार्ज बनाया था। उस लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 80 में से 73 सीटें जीती थीं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके बाद उनको संगठन मंत्री बनाया गया। फिर यूपी में बीजेपी के और अच्छे दिन शुरू हुए, जहां 2017 में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी, तो वहीं 2022 में दोबारा पूर्ण बहुमत हासिल कर पार्टी ने इतिहास बदल दिया। इन तीन चुनावों की वजह से बीजेपी में बंसल का कद बढ़ता चला गया।












Click it and Unblock the Notifications