बिहार में कौन होगा NDA का चेहरा, चिराग पासवान ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली: इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसको लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक सवाल अभी से उठना शुरू हो गया है कि आखिर एनडीए में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा। क्या नीतीश कुमार पर बीजेपी फिर से दांव लगाएगी या किसी नए चेहरे का चुनाव करेगी। शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने बिहार चुनाव में भी बीजेपी के साथ गठबंधन जारी रखने की बात कही है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि बीजेपी नीतीश कुमार के साथ रहे या अपना मन बदल ले, उनकी पार्टी गठबंधन जारी रखेगी। मुख्यमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए का चेहरा कौन होगा, इसका निर्णय बीजेपी करेगी। वहीं लॉकडाउन के दौरान प्रवासी श्रमिकों के लिए किए गए कार्यों को लेकर उन्होंने बिहार सरकार की तारीफ की। चिराग पासवान के मुताबिक प्रवासी मजदूरों की समस्या को बिहार में अच्छे तरीके से हैंडल किया गया।
LJP में उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा शुरू
अभी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने सीटों का बंटवारा नहीं किया है। इसके बावजूद एलजेपी तैयारियों में जुट गई है। बुधवार को चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की थी। इस दौरान उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए थे। चिराग पासवान के मुताबिक जब तक चुनाव की तारीखें नहीं आ जाती, तब तक सभी को ये मान के चलना चाहिए कि चुनाव नियत समय पर ही होंगे। इस बैठक में कुछ उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications