बंगाल में अंदरुनी कलह से टेंशन में बीजेपी, आज दिलीप घोष से मिलेंगे नड्डा
नई दिल्ली, 11 जुलाई: बंगाल में चुनावी प्रक्रिया खत्म हो गई है। साथ ही ममता बनर्जी ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार भी बना ली, लेकिन वहां की सियासत अभी भी गरमाई हुई है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को दिल्ली बुलाया है। रविवार को ही दोनों मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य में पार्टी के प्रदर्शन समेत कई विषयों पर उनका फीडबैक लिया जाएगा।

दरअसल चुनाव से पहले टीएमसी के बागी बड़ी संख्या में बीजेपी में शामिल हुए। इसके बाद वो चुनाव लड़कर जीत भी गए, लेकिन जैसे ही ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनीं, वैसे ही बीजेपी में भगदड़ शुरू हो गई। सबसे पहले पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ही टीएमसी में 'घर वापसी' कर ली। इसके बाद कई नेताओं ने भी बीजेपी का साथ छोड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक नड्डा बंगाल बीजेपी में चल रही आंतरिक कलह की विस्तार से जानकारी लेंगे। इसके बाद वो कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो बीजेपी अब प्रदेश कार्यकारिणी में फेरबदल करने वाली है। हाल ही में सौमित्र खान ने भी युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। साथ ही सुवेंदु अधिकारी की जमकर आलोचना की। इसके बाद केंद्रीय कैबिनेट से हटाए गए बाबुल सुप्रियो ने भी इशारों ही इशारों में पार्टी पर निशाना साधा। ऐसे में नड्डा इन सब विषयों पर भी चर्चा कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications