मोदी को मदारी बताने वाले नरेश का दिमाग खराब: भाजपा
भाजपा ने यह भी कहा है कि सपा के नेता मोदी की लोकप्रियता से बौखला गए हैं। इसलिए नरेश अग्रवाल का दिमाग खराब हो गया है जिसके कारण ही वह ऊल-जूलूल बयान दे रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि अग्रवाल कहते हैं कि एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता जो उनकी सामंती मानसिकता को दर्शाता है। उनके इस बयान से यह भी साबित होता है कि सपा और सपा नेताओं के मन में पिछ़डी जातियों को लेकर कितना सम्मान है। पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वाले ये लोग पिछड़ों का सम्मान करना ही नहीं जानते।
देश में कई ऐसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री हुए हैं, जो पिछड़े तबके से उठकर ही आए हैं। उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि उनके नेता भी पिछड़े वर्ग से ही आते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दल पूरी तरह से बौखला गए हैं। हर पार्टी मोदी को ही निशाना बना रही है इससे साबित होता है कि उनका जादू विरोधियों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को नरेश अग्रवाल ने मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि एक चाय वाले की सोच क्या नये भारत का निर्माण करेगी। चाय बेचने वाला नजरिया कभी भी राष्ट्र के लिए बढ़िया नहीं हो सकता है। नरेश अग्रवाल ने हरदोई में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही।
नरेश अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह एक सिपाही को कप्तान बनाकर सेना की कमान सौंप दी जाये तो सेना की हार निश्चित है ठीक उसी तरह एक चाय वाला क्या देश की तरक्की करेगा? रही बात तो किसी की चुनावी सभा में लोगों की तो मैं बता दूं कि भीड़ तो मदारी भी जुटा लेता है।'













Click it and Unblock the Notifications