महाराष्ट्र में शिवसेना की आनाकानी पर BJP बोली- आखिर तुम्हें आना है, जरा देर लगेगी
नई दिल्ली- महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर शिवसेना के ना नुकुर पर बीजेपी ने एक कार्टून के जरिए तंज कसा है। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने एक कार्टून का सहारा लिया है, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को रिंग मास्टर के रूप में दिखाया गया है, जो एक टाइगर (शिवसेना) को रिंग में घुमा रहे हैं। कुल मिलाकर बीजेपी की ओर से शिवसेना को शायद यह बताने की भी कोशिश की गई है अगर वह खुद को महाराष्ट्र का टाइगर समझती है तो फडणवीस प्रदेश के रिंगमास्टर हैं।

शिवसेना नेता संजय राउत ने जैसे ही यह दावा किया कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में बगैर बीजेपी के भी सरकार बना सकती है, बग्गा ने एक कार्टून के जरिए शिवसेना को जवाब देने की कोशिश की है। बग्गा ने ट्विटर पर जो कार्टून शेयर किया है, उसका शीर्षक है, मुंबइया चित्रहार। इस कार्टून में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को खुश दिखाया गया है, जिनके हाथ में एक रिंग है। वो एक बौखलाए हुए टाइगर को घुमाने की कोशिश कर रहे हैं और कह रहे हैं "आखिर तुम्हें आना है जरा देर लगेगी।"
दरअसल, जबसे महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित किए गए हैं दोनों पार्टियों की ओर से जुबानी जंग के साथ-साथ कार्टून वॉर भी छिड़ा हुआ है। नतीजे आने के एक दिन बाद ही 25 अक्टूबर को राउत ने भी ट्विटर पर एक कार्टून शेयर किया था, जिसमें एक शेर के गले में घड़ी (एनसीपी का निशान) लटकी थी और वह हाथ में कमल (बीजेपी का निशान) लिए था और कैप्शन में उन्होंने लिखा था, व्यंग की चित्रकारी का कमाल! बुरा न मानो दिवाली है....इसके तत्काल बाद बग्गा ने भी उन्हें कार्टून से ही जवाब दिया था। इस कार्टून में फडणवीस कान में ईयरफोन लगाए एक सिंहासन पर बैठे दिखाए गए थे और उद्धव जोर-जोर से चिला रहे थे- 'मुझे बड़ा भाई बोलो'।
गौरतलब है कि 288 वाले महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में गठबंधन के तहत चुनाव लड़कर बीजेपी ने 105 सीटें हासिल की हैं, जबकि शिवसेना को 56 सीटों से संतोष करना पड़ा है। लेकिन, शिवसेना की मांग है कि राज्य में मुख्यमंत्री ढाई-ढाई साल के लिए दोनों दलों से होना चाहिए, जिसे भाजपा दो टूक नकार चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications