अडानी मुद्दे पर राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, इन घोटालों को लेकर पूछे सवाल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गौतम अडानी से रिश्तों को लेकर जो गंभीर आरोप लगाए हैं, उसपर भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। उनसे नेशनल हेराल्ड-अगस्ता पर जवाब मांगा है।

अरबपति कारोबारी गौतम अडानी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ जो गंभीर आरोप लगाए हैं, उसपर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार पलटवार किया है। बीजेपी सांसद और नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस सांसद के आरोपों को निराधार, शर्मनाक और दुस्साहसी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस खुद बड़े घोटालों में शामिल रही है, जिससे देश की छवि कलंकित हुई थी। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब लोकसभा में कुछ पोस्टर दिखाने की कोशिश कर रहे थे तो लोकसभा स्पीकर ने उन्हें सख्ती से रोकते हुए कहा कि अगर वह ऐसा करेंगे तो सत्ताधारी पक्ष भी ऐसे ही पोस्टरबाजी शुरू कर देगा और वह सदन को पोस्टबाजी का अखाड़ा नहीं बनने देंगे।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के खिलाफ किया हमला
इससे पहले कांग्रेस नेता और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान 2014 में केंद्र में मोदी सरकार के बनने के बाद कारोबारी गौतम अडानी की निजी संपत्ति में बेतहाशा वृद्धि का दावा करते हुए बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जोरदार हमला शुरू किया। उन्होंने पीएम मोदी और गौतम अडानी की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए कई गंभीर आरोप लगा दिए।
'अगर आप पोस्टरबाजी करेंगे तो......"
जब राहुल गांधी सदन में कुछ पोस्टरनुमा तस्वीरें दिखाने की कोशिश करने लगे तो स्पीकर ओम बिरला उन्हें ऐसा नहीं करने की सख्त हिदायत दी। स्पीकर ने राहुल से कहा, 'कोई पोस्टर मत दिखाइए....अगर आप पोस्टरबाजी करेंगे तो इस तरफ (भाजपा) से भी राजस्थान के सीएम (अशोक गहलोत और गौतम अडानी की हालिया तस्वीर) का पोस्टर दिखाएंगे। पोस्टबाजी उचित नहीं है।'
बीजेपी का राहुल गांधी पर पलटवार
राहुल गांधी की ओर से सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई आरोप लगाए जाने के बाद संसद के बाहर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मीडिया से बातचीत के दौरान उनपर जोरदार पलटवार किया। वे बोले कि 'राहुल गांधी ने पीएम मोदी के खिलाफ आधारहीन, शर्मनाक और दुस्साहसपूर्ण आरोप लगाए हैं।'
'नेशनल हेराल्ड और अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले क्या हैं ?
भाजपा नेता ने कहा कि 'आज संसद में भाषण के दौरान राहुल गांधी की ओर से हमारी सरकार के खिलाफ जो आधारहीन आरोप लगाए हैं, उसकी हम भर्त्सना करते हैं। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि वे, उनकी मां और उनके जीजा जमानत पर हैं। मैं उनसे पूछा चाहता हूं कि नेशनल हेराल्ड और अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले क्या हैं ?' (इनपुट-एजेंसियां)












Click it and Unblock the Notifications