'भारत में आर्थिक अराजकता पैदा करना चाहते हैं', हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट को BJP ने बताया साजिश, जानिए क्या कहा?
Hindenburg New report: देश के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी अडानी ग्रुप और मार्केट रेग्युलेटर सेबी (SEBI) चीफ माधबी पुरी बुच के बीच फाइनेंशियल कनेक्शन को लेकर अपनी नई रिपोर्ट जारी करके एक बार फिर हिंडनबर्ग ने तहलका मचा दिया है।
हिंडनबर्ग के नए खुलासे पर विपक्ष ने केंद्र सरकार से तीखे सवाल पूछे हैं। वहीं अब बीजेपी ने भी इस पूरे खुलासे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया है कि सेबी प्रमुख और उनके पति की अडानी से जुड़ी ऑफशोर फर्मों में हिस्सेदार हैं।

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी का बयान
अब इस पूरे मामले पर भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "पिछले कुछ सालों से जब भी संसद सत्र शुरू होता है, कोई विदेशी रिपोर्ट जारी हो जाती है। संसद सत्र से ठीक पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री जारी की गई थी। संसद सत्र से ठीक पहले जनवरी में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई थी। ये सब घटनाक्रम संसद सत्र के दौरान होता है।"
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के विदेश से ऐसे संबंध हैं कि वे भारत के हर संसद सत्र के दौरान अस्थिरता और अराजकता पैदा करते हैं। वे भ्रम फैलाकर भारत में आर्थिक अराजकता पैदा करना चाहते हैं। अब वे सेबी पर हमला कर रहे हैं। कांग्रेस पिछले 30-40 सालों से हमेशा विदेशी कंपनियों के साथ क्यों खड़ी रहती है? यूनियन कार्बाइड के साथ क्यों खड़ी रहती है?"
रिपोर्ट में कुछ भी विश्वसनीय नहीं-पूर्व केंद्रीय मंत्री
वहीं सेबी प्रमुख और उनके पति पर आरोपों वाली हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, "ये सिर्फ अटकलें और अनुमान हैं, जिन्हें सच्चाई के कुछ अंशों के साथ जोड़ा जा रहा है। इसके पीछे एक खास योजना है। पिछले दस वर्षों में कांग्रेस ने झूठ की राजनीति की रणनीति अपनाई है और अब वह स्वतंत्र नियामक सेबी पर हमला करके हमारी वित्तीय प्रणाली को अस्थिर करने और देश में अराजकता पैदा करने के लिए विदेशी मदद मांग रही है। रिपोर्ट में कुछ भी विश्वसनीय नहीं है।"
विपक्ष ने केंद्र को घेरा
कांग्रेस सहित टीएमसी और तमाम विपक्षी दलों ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि सेबी प्रमुख और उनके पति पर जो आरोप लगे हैं वो गंभीर हैं। ऐसे आरोपों की गहन जांच होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications