Article 370: सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी में खुशी की लहर, जानिए जेपी नड्डा ने क्या कहा
मोदी सरकार को आज सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। आर्टिकल 370 की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने इसे संवैधानिक बताया है। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले को बरकरार रखा है।
फैसला आने ने बाद सभी पार्टियों की ओर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। केंद्र की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जेपी नड्डा ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया है।

क्या लिखा नड्डा ने?
जेपी नड्डा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल, एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा,"माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा धारा 370 के विषय में दिये गये फैसले का भारतीय जनता पार्टी स्वागत करती है। उच्चतम न्यायालय की संवैधानिक पीठ ने धारा 370 और 35A को हटाने के लिए दिए गए निर्णय, उसकी प्रक्रिया और उद्देश्य को सही ठहराया है। माननीय प्रधानमंत्री जी की सरकार ने जम्मू- कश्मीर को देश की मुख्य विचारधारा में जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया है, इसके लिए मैं और हमारे करोड़ों कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।"
आपको बता दें, केंद्र सरकार ने 5 अगस्त, 2019 को संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने का निर्णय लिया था। इस फैसले के बाद जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा छीन गया था और यह केंद्र के अधीन हो गया था। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटा गया था। केंद्र के इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के पांच-न्यायाधीशों की पीठ ने 2 अगस्त से मामले पर दैनिक सुनवाई करने के बाद 5 सितंबर को याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने आज इस मामले में फैसला सुनाया। इसमें कहा गया है कि केंद्र का फैसला संवैधानिक रूप से सही था।
यह देखें: Article 370: क्या सिब्बल जानते थे कि ये कानूनी लड़ाई वो हार जाएंगे?












Click it and Unblock the Notifications