बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को मानहानि के केस में कोर्ट ने किया समन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को कोलकाता की एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने समन किया है। अदालत ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की ओर से दायर आपराधिक मानहानि के केस में अमित शाह को बुलाया है। कोर्ट ने 28 सितंबर को सुनवाई के दौरान बीजेपी अध्यक्ष को कोर्ट में उपस्थित होने के लिए कहा है।

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने 11 अगस्त को कोलकाता में संबोधन के दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया था। बीजेपी अध्यक्ष की इन्हीं आरोपों के खिलाफ अभिषेक बनर्जी ने कोर्ट में आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया था। इसी केस की सुनवाई करते हुए कोलकाता की मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अमित शाह को समन किया है।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने 13 अगस्त को अमित शाह को उनके बयान के लिए कानूनी नोटिस भेजकर माफी मांगने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर बीजेपी अध्यक्ष ने उनसे माफी नहीं मांगी तो वह उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज करेंगे। इसी मामले में कोर्ट ने अब अमित शाह को समन किया है।












Click it and Unblock the Notifications