बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह बोले- कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बनाया 'बीमारू' राज्य
भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी के कार्यकर्ता महाकुंभ में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देनी वाली कांग्रेस पार्टी क्या राजा, महाराजा या फिर उद्योगपतियों के नाम पर जनता से वोट मांगेगी। देश में नीतिगत फैसले नहीं लेने वाली, देश की सुरक्षा को ताक पर रखने वाली कांग्रेस पार्टी किस मुंह से जनता से वोट मांगेगी। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को दिन में तारे दिखाने की क्षमता बीजेपी का हर कार्यकर्ता रखता है।

भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि देश के 70 फीसदी भू-भाग पर आज बीजेपी की सरकार है, जो पीएम मोदी के नेतृत्व में जनता की सेवा कर रही है। बीजेपी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है। भारतीय जनता पार्टी के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता देश की सुरक्षा है वोट बैंक की राजनीति नहीं है। कांग्रेस पार्टी कितना भी जोर लगा ले, देश हित में अब NRC की प्रक्रिया रुकने वाली नहीं है।
बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि पूरी दुनिया में देश का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाने का काम देश के प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोई भी ऐसा काम नहीं किया है जिससे हमारे कार्यकर्ता का सिर नीचा हो सके, पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रकार कार्य किया है कि हमारा कार्यकर्ता जनता के बीच सिर उठा के जा सके।












Click it and Unblock the Notifications