BJP Parliamentary Party meeting: न संसद चलने दे, न चर्चा होने देती है कांग्रेस: PM मोदी
नई दिल्ली, 27 जुलाई। पीएम मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस न सदन चलने देती है और न चर्चा होने देती है, वो जानबूझकर ऐसा करती है। पीएम मोदी ने तल्ख शब्दों में कहा कि कांग्रेस संसद की बैठकों का बहिष्कार कर रही है,उन्हें चर्चा के लिए बुलाया जाता है तो वो आते नहीं हैं।
Recommended Video

महामारी पर एक बैठक बुलाई गई थी लेकिन वो उसमें भी नहीं आई और उल्टा उसने दूसरे दलों को भी मीटिंग में आने से रोका। पीएम मोदी ने भाजपा पार्टी के सांसदों से कहा कि वह विपक्ष को बेनकाब करें, वो लोगों को बताएं की हाय तौबा मचाने वाली कांग्रेस क्या कर रही है।
'आजादी के 75 वर्ष में 75 गांवों तक जाएं'
इस बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक में कहा है कि आजादी के 75 वर्ष में सांसदगण 75 गांवों में जाकर लोगों से बातचीत करें और उनके भावों को जानने की कोशिश करें और उन्हें देश में हुए विकास कार्यों के बारे में अवगत कराएं। भाजपा पार्टी के कार्यकर्ता डिजिटल लिट्रेसी पर लोगों को जानकारी दें और लोगों को इसकी उपयोगिता से दो-चार कराएं।
'हर विधानसभा क्षेत्र में 2 कार्यकर्ताओं की जोड़ी बने'
अर्जुन राम मेघवाल ने आगे कहा कि पीएम ने कहा है कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने का कार्यक्रम केवल सरकारी ना बन जाए इस ओर सभी का ध्यान होना चाहिए। पीएम मोदी ने सभी से कहा है कि जब साल 2047 में भारत की आजादी के 100 साल पूरे होंगे तब देश कहां पहुंच सकता है, इसके बारे में सभी कार्यकर्ता जनता से विचार ले, उनसे इस बारे में जानने की कोशिश करें और सुझाव लें। यही नहीं हर विधानसभा क्षेत्र में 2 कार्यकर्ताओं की जोड़ी बनाए जाए जो कि 75 गांवों का दौरा करके डिजिटल लिटरेसी पर एक रिपोर्ट तैयार करे, जो विकास पथ पर आगे बढ़ने में मददगार हो। मालूम हो कि बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा के सभी गणमान्य नेता शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications