विजयवर्गीय बन सकते हैं मध्य प्रदेश बीजेपी के नए चीफ, बढ़ेगी शिवराज की मुश्किल
मध्य प्रदेश बीजेपी के एक वर्ग का मानना है कि विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री के रूप में चौहान को बदलने की महत्वाकांक्षा को जन्म दिया है
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खबर है कि मध्य प्रदेश की सियासत में बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय की वापसी हो सकती है। नंद कुमार चौहान, मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। सूबे में चुनाव को देखते हुए बीजेपी केंद्रीय संगठन किसी दमदार नेता को मध्य प्रदेश बीजेपी की बागडोर देने की तैयारी में हैं। इसी बीच खबर है कि कैलाश विजयवर्गीय को कमान दी जा सकती है।

कैलाश विजयवर्गीय को मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनाया जा सकता है
द टेलीग्राफ की खबर के मुताबिक कैलाश विजयवर्गीय को मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस संबंध में विजयवर्गीय कहते हैं कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है, ये सिर्फ अटकलें हैं। जबकि कहा जा रहा है कि विजयवर्गीय के संभावित वापसी पर शुक्रवार को उज्जैन में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बैठक में चर्चा हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शामिल थे।

शिवराज और विजयवर्गीय के बीच छत्तीस का आकड़ा रहा है
मध्य प्रदेश बीजेपी के एक वर्ग का मानना है कि विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री के रूप में चौहान को बदलने की महत्वाकांक्षा को जन्म दिया है। बीजेपी सूत्रों की माने तो मौजूदा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को पार्टी के मध्य प्रदेश इकाई का नेतृत्व करने के लिए कहा गया है। मौजूदा समय में विजयवर्गीय पश्चिम बंगाल में पार्टी का काम देख रहे हैं। वो मध्य प्रदेश के इंदौर से हैं और शिवराज के मंत्रिमंडल में काफी अहम मंत्री रहे हैं लेकिन शिवराज और विजयवर्गीय के बीच छत्तीस का आकड़ा रहा है।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव नवंबर में होने हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव नवंबर में होने हैं। शिवराज चौहान के करीबी सूत्र भी स्वीकार करते हैं कि अगर विजयवर्गीय मध्य प्रदेश की राजनीति में लौटे तो मुख्यमंत्री के नेतृत्व को चुनौती खड़ी होगी। बता दें कि विजयवर्गीय को मुख्यमंत्री चौहान की तरह चुनौती देने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। वो चौहान मंत्रिमंडल में एक वरिष्ठ मंत्री रहते हुए मुखर आलोचक थे। वहीं विजयवर्गीय बीजेपी आलाकमान के करीबी माने जाते हैं। 2015 में विजयवर्गीय ने चौहान के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर अमित शाह की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने और उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया।















Click it and Unblock the Notifications