मोदी-शाह पर 'शॉटगन' शत्रुघ्न का निशाना- पार्टी‘वन मैन शो’ और ‘टू मैन आर्मी’ बनी रही तो विनाश तय
नई दिल्ली। अपनी ही पार्टी पर अकसर हमलावर होकर सुर्खियों में रहने वाले 'शॉटगन' शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा है। शत्रुघ्न ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर सकती है, अगर वह वन मैन या टू मैन शो की सेना के रूप में काम करना बंद कर दे। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में देश के युवा, किसान और व्यापारी वर्ग बीजेपी सरकार की नीतियों से खफा हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि "मुझे लगता है कि हम गुजरात और हिमाचल प्रदेश, दोनों विधानसभा चुनावों में कठिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं क्योंकि युवाओं, किसानों और व्यापारियों में केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर घोर असंतोष है।"

इस दौरान शत्रुघ्न ने पार्टी छोड़ने की बात को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि 'मैंने पार्टी छोड़ने के लिए कभी ज्वाइन नहीं की, पर जब मैं अपनी चुनौतियों का सामना करने की बात करता हूं तो उसका मतलब होता है किसी एक व्यक्ति विशेष या दो व्यक्ति के पीछे नहीं दौड़ना।' सिन्हा ने कहा कि पार्टी को अपना भारी योगदान देने वाले अनुभवी नेताओं के आशीर्वाद से एकजुट होकर विकास के लिए एक साथ आना चाहिए। सिन्हा ने कहा, 'लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी जैसे दिग्गजों की गलती मैं आज तक समझ नहीं पा रहा हूं।
उन्हें क्यों छोड़ दिया गया। हम सभी एक परिवार की तरह हैं। अगर कोई गलती थी, तो क्यों सुलह में कोई प्रयास नहीं किया गया?' बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा पाटलीपुत्र से लोकसभा सांसद हैं और पिछले कुछ महीनों से अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा का समर्थन किया था और देश की गिरती अर्थव्यवस्था पर मोदी सरकार पर निशाना साधा था।












Click it and Unblock the Notifications