बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले का विवादित बयान, 'भगवान राम' को बताया मनुवादी
नई दिल्ली। अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा रहने वाली बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले ने एक बार फिर से कुछ ऐसी टिप्पणी की है जिस पर विवाद गरमा सकता है। सावित्री बाई फुले ने भगवान राम को मनुवादी बता दिया है। उन्होंने कहा कि अगर हनुमान दलित नहीं थे तो उन्हें इंसान क्यों नहीं बनाया गया उन्हें बंदर क्यों बनाया गया? उनके मुंह में कालिख क्यों लगाई गई और उन्हें पूछ क्यों लगाई गई? बीजेपी सांसद ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि वो दलित थे।

सावित्री बाई फुले ने साधा योगी आदित्यनाथ पर निशाना
बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का दलित प्रेम सिर्फ दिखावा है, अगर उन्हें दलितों से प्रेम है तो वो दलितों को गले लगाएं और उनका सम्मान करें। बीजेपी सांसद ने आगे कहा कि देश में जितने भी मंदिर हैं वहां दलितों को ही पुजारी रखा जाना चाहिए क्योंकि 3 फीसदी पंडित ही हर जगह कब्जा जमाए हुए हैं।

4 साल तक मंदिर मंदिर याद नहीं रहा: सावित्री भाई फुले
सांसद सावित्री बाई फुले ने कहा कि प्रतिमा और मंदिर के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, अगर यही पैसे गरीबों में बांट दिया जाए तो गरीबों की गरीबी कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 4 साल तक इन लोगों को राम मंदिर बिल्कुल भी याद नहीं रहा, लेकिन अब चुनाव हो रहे हैं तो इन्हें भगवान राम याद आ रहे हैं। बीजेपी सांसद ने इस दौरान विवादित टिप्पणी करते हुए भगवान राम को मनुवादी बताया है।

योगी आदित्यनाथ ने हनुमान को बताया था दलित
बता दें कि इससे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हनुमान को दलित बताया था। राजस्थान के अलवर स्थित मालाखेड़ा इलाके में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था, "भगवान हनुमान एक ऐसे लोक देवता हैं जो अब स्वयं वनवासी हैं, गिरवासी हैं, दलित हैं, वचिंत हैं। पूरे भारतीय समाज को उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक सबको जोड़ने का काम बजरंगबली करते हैं। इसलिए बजरंग बली का संकल्प होना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications