मेनका गांधी बोलीं- औरतों को सुंदर बनाता है गधी का दूध, जानें डंकी मिल्क के होश उड़ाने वाले बेनिफिट्स
मेनका ने कहा, 'क्लियोपैट्रा नाम की एक बहुत मशहूर विदेशी रानी थी, जो गधे के दूध में नहाती थी। अब तो दिल्ली में गधे के दूध से बना साबुन 500 रुपये में बिक रहा है।

बीजेपी सांसद औऱ पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का एक अजीबो-गरीब बयान का वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में मेनका गांधी कहती दिख रही हैं कि, गधी के दूध का बना साबुन औरत के शरीर को हमेशा सुंदर रखता है। वह कहती हैं कि एक बहुत मशहूर रानी होती थी 'क्लियोपैट्रा', वो गधी के दूध से नहाती थी। गाय, बकरी पालन से कोई अमीर नहीं बन सका है। पशुपालकों की पूरी जिंदगी उसी में खप जाती है। इस बयान को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
सुल्तानपुर जिले के तीन दिवसीय दौरे पर आई पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद मेनका गांधी ने शनिवार को हर्ष महिला महाविद्यालय में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आगे बढ़ने के टिप्स दे रही थी। इसी दौरान उन्होंने कहा कि, दिल्ली में गधी के दूध का साबुन 500 रुपये में बिकता है। क्यों नहीं हम लोग बकरी के दूध का और गधी के दूध का साबुन बनाएं। कम होती गधों की संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए मेनका गांधी ने कहा कि, गधे बहुत कम होते जा रहे हैं। आप लोग ही बताएं कि कितने दिन हो गए जब आपने किसी गधे को देखा हो?

उन्होंने आगे कहा कि, 'गधे कम हो गए हैं या फिर खत्म हो चुके हैं। धोबी के कामों में भी गधे का उपयोग बंद हो गया है। मगर, लद्दाख में लोगों ने गधों से दूध निकालना शुरू किया और उसके दूध से साबुन बनाया। गधी के दूध से बना साबुन औरत के शरीर को सदा सुंदर बनाए रखता है। मेनका गांधी ने गधी और बकरी के दूध से साबुन बनाने पर महिलाओं को बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने का वादा किया है।

आपको बता दें कि देश में कई उद्यमी गधी के दूध से महीने लाखों की कमाई कर रहे हैं। कई जगहों पर गधी का दूध 500 से 5000 हजार रुपए लीटर तक बिक रहा है। गधी के दूध का इस्तेमाल इन दिनों कई कॉस्मेटिक या ब्यूटी प्रोडक्ट्स में किया जाता है। गधी के दूध का इस्तेमाल कई खाद्य पदार्थों जैसे दही और पनीर में भी किया जाता है। गधी का दूध त्वचा के साथ साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होता है।
गधी के दूध में एंटी ऑक्सीडेंट, एंटी एजिंग और रीजेनेरेटिंग कंपाउंड्स होते हैं। इससे त्वचा के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं। गधी के दूध में विटामिन ई, विटामिन ए, विटामिन बी1, बी6, सी, डी, ओमेगा 3, 6 और अमीनो एसीड जैसे औषधीय तत्व पाए जाते हैं। गधी के दूध में कई चिकित्सीय गुण होने के कारण इसका महत्व काफी बढ़ जाता है। गधी का दूध बच्चों और मधुमेह के रोगियों के लिए बहुत अच्छा माना जाता है।

गधी के दूध में गाय के दूध की तुलना में 9 गुना अधिक टॉरिन होता है। जो शिशुओं में विकास को बढ़ावा देता है। इसके साथ ही बच्चों को एलर्जी से दूर रखता है। गधी के दूध में मौजूद प्रोटीन में ऐसे गुण हैं, जो टाइप 2 डायबिटीज की समस्या को दूर करते हैं। ग्लूकोज के स्तर को भी नियंत्रित करता है और इंसुलिन के प्रतिरोध में सुधार करता है। वहीं कई लोग लैक्टोज इनटॉलेरेंस की समस्या से पीड़ित होते हैं। उनके लिए गधी का दूध काफी फायदेमंद माना जाता है।
गधी के दूध में पाया जाने वाले प्रोटीन में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो आपको पेट से जुड़ी कई समस्याओं से राहत दिला सकते हैं। इसके अलावा यह आपकी आंत में अच्छे बैक्टीरियों की संख्या बढ़ाता है। कई देशों में इस दूध से बनी दवाओं का उपयोग काली खांसी से छुटकारा पाने में होता है।गधी के दूध में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो रक्त शर्करा, ब्लड सर्कुलेशन, और सूजन जैसी समस्या से भी राहत दिला सकता है।












Click it and Unblock the Notifications