'रमेश बिधूड़ी की गालियों पर क्यों हंसे हर्षवर्धन', ट्वीट कर खुद बताई लोकसभा के अंदर की कहानी
Harsh Vardhan laughing in lok sabha: देश की संसद के भीतर बीएसपी के लोकसभा सांसद दानिश अली के साथ गाली गलौज करने के मामले में अब भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी घिरते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें इस मामले पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वहीं, रमेश बिधूड़ी के साथ-साथ भाजपा सांसद डॉ. हर्षवर्धन भी विपक्ष के निशाने पर हैं, क्योंकि जिस समय रमेश बिधूड़ी बसपा सांसद दानिश अली के साथ गाली गलौज कर रहे थे, उस समय हर्षवर्धन पास में ही बैठे हंस रहे थे।

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब खुद हर्षवर्धन ने इस मामले पर सफाई दी है। हर्षवर्धन ने कहा कि उस दौरान क्या कहा गया, वो ठीक से सुन नहीं पाए। अपने ट्विटर हैंडल पर हर्षवर्धन ने लिखा, 'मैंने ट्विटर पर अपना नाम ट्रेंड होते देखा है। लोगों ने मुझे इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बेवजह घसीटा है, जहां दो सांसद सदन में एक-दूसरे के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। हमारे वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह पहले ही दोनों पक्षों द्वारा इस तरह की अनुचित भाषा के उपयोग की निंदा कर चुके हैं।'
'मेरी छवि को खराब करने की कोशिश'
डॉ. हर्षवर्धन ने आगे लिखा, 'मैं अपने मुस्लिम दोस्तों से पूछता हूं, जो आज सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ लिख रहे हैं, क्या वे वास्तव में मानते हैं कि मैं कभी भी ऐसी अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल में भागीदार बन सकता हूं, जो किसी एक समुदाय की संवेदनाओं को ठेस पहुंचाती हो? यह नकारात्मकता से भरी एक द्वेषपूर्ण, बेबुनियादी, पूर्णतः झूठ और मनगढ़ंत कहानी है और सोशल मीडिया पर कुछ निहित राजनीतिक तत्वों द्वारा मेरी छवि को खराब करने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।'
'स्पष्ट रूप से कुछ भी समझ नहीं पा रहा था'
अपने ट्वीट में उन्होंने आगे कहा, 'इस घटना से मैं अत्यधिक आहत हुआ हूं कि निहित राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ लोगों ने बेवजह मेरा नाम इस प्रकरण में घसीटा है। हालांकि, मैं वहां एक-दूसरे पर फेंके जा रहे शब्दों की नोक-झोंक का प्रत्यक्षदर्शी जरूर था (जो वास्तव में पूरा सदन ही था), सच बात तो यह है कि उस शोर-शराबे में मैं स्पष्ट रूप से कुछ भी समझ नहीं पा रहा था। मैं जीवन में हमेशा अपने सिद्धांतों पर कायम रहा हूं। अपने देश और देशवासियों के हित को हर चीज से ऊपर रखते हुए, उसके लिए अपना श्रेष्ठतम देने के लिए कभी पीछे नहीं रहा हूं और यह मेरा संकल्प है कि अपने जीवन के अंतिम सांस तक इस भावना को अक्षुण रखूंगा।'
'रमेश बिधूडी पर नहीं हुई कार्रवाई, तो दे दूंगा इस्तीफा'
आपको बता दें कि इस मामले पर बसपा सांसद दानिश अली ने लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी भी लिखी है। मीडिया के सामने घटना को बताते समय भावुक हुए दानिश अली ने कहा कि अगर एक सांसद होते हुए उनके साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो फिर आम मुसलमान की तो कल्पना ही नहीं की जा सकती। दानिश अली ने कहा कि अगर रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वो अपनी लोकसभा सीट से इस्तीफा दे देंगे।












Click it and Unblock the Notifications