'जहर, वैमनस्य, भ्रम फैलाना उनका काम', Ram Mandir पर MP बदरुद्दीन के बयान को लेकर क्या- क्या बोले BJP नेता
एआईयूडीएफ नेता व सांसद बदरुद्दीन अजमल (MP Badruddin Ajmal) के राम मंदिर उद्घाटन (Ayodhya Ram Mandir inauguration) को लेकर बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री व दिग्गज भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा है कि बदरूद्दीन जैसे लोग समाज में वैमनस्य, भ्रम और विभाजन फैलाना चाहते हैं। जबकि अयोध्या विवाद के मुद्दई हासिम अंसारी के बेटे इकबाल अंसारी खुद राम मंदिर उद्घाटन में शामिल हो रहे हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जिस व्यक्ति के भीतर राम हैं, वह समरसता की बात करता है। लेकिन, कुछ लोग भगवान राम के नाम और उसके महत्व से अनजान हैं।
राम मंदिर उद्घाटन को लेकर एआईयूडीएफ अध्यक्ष और सांसद बदरुद्दीन अजमल पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा की बीजेपी मुसलमानों की दुश्मन नहीं है। राजनीति में दुश्मन नहीं प्रतिद्वंदिता होती है। मंत्री ने कहा कि सांसद अजमल ने बहुत गलत बात कही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "राम मंदिर और भगवान राम भारत के प्रतीक हैं। ऐसे में राम मंदिर उद्घाटन का सभी धर्मों के लोगों को दीया जलाकर स्वागत करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब राम मंदिर बन रहा है, तो ऐसे में उकसाना उल्टी बात करना सही नहीं है। जनवरी 22 तरीख के प्राण प्रतिष्ठा कार्यकार्य में सभी वो चाहे जैन, बौद्ध या फिर किसी अन्य धर्म के हों सभी का स्वागत करना चाहिए।"

वहीं सांसद बदरुद्दीन अजमल पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "बदरुद्दीन अजमल जैसे लोग समाज में वैमनस्य, भ्रम और हिंदू मुस्लिम विभाजन फैलाते हैं। इकबाल अंसारी को निमंत्रण मिला है और वह भी रामलला अभिषेक समारोह में शामिल होंगे। लेकिन बदरुद्दीन जब भी बोलते हैं तो जहर उगलते हैं।"
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि बदरुद्दीन जैसे कुछ लोग भगवान राम के नाम और उसके महत्व से अनजान हैं। मंत्री लेखी ने कहा, "सिर्फ हम सभी के लिए नहीं, बल्कि 22 जनवरी पूरे विश्व के लिए एक महान दिन होने जा रहा है क्योंकि 550 वर्षों की यातना समाप्त हो जाएगा। भगवान राम अपने घर वापस आ जाएंगे। यह भारतीय सभ्यता के लिए बहुत बड़ा दिन है। जिस व्यक्ति के भीतर राम हैं, वह समरसता की बात करता है। लेकिन, कुछ लोग भगवान राम के नाम और उसके महत्व से अनजान हैं। एक बार जब उन्हें इसके बारे में ज्ञान प्राप्त हो जाएगा, तो उनके विचार और शब्द बेहतर हो जाएंगे।"
वहीं AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बयान पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "ना तो बदरुद्दीन अजमल भारत के सभी मुसलमानों के प्रमुख हैं और न ही वह कोई धार्मिक नेता हैं। भारत का प्रत्येक नागरिक कानूनी और संवैधानिक रूप से किए गए सभी कार्यों का पालन करता है। जब सुप्रीम कोर्ट कोई फैसला देता है, तो यह स्वाभाविक है कि एक पक्ष खुश होगा और दूसरा इतना खुश नहीं होगा। वे कौन सा एजेंडा अपना रहे हैं आगे बढ़ाने के लिए? यदि आप ध्रुवीकरण करने की कोशिश करेंगे और एक सुलझे हुए मामले को फिर से उठाएंगे, और सांप्रदायिक नफरत फैलाने की कोशिश करेंगे, तो इससे केवल भाजपा को फायदा होगा।"
क्या बोले थे सांसद बदरुद्दीन अजमल?
एआईयूडीएफ प्रमुख और सांसद बदरुद्दीन अजमल ने एक कार्यक्रम में मंच से राम मंदिर उद्घाटन के बीच बीजेपी को निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था कि बीजेपी मुस्लिम समाज की दुश्मन है। उन्होंने कहा, " वो हमारी जान और अजान के दुश्मन हैं। राम जन्मभूमि में राम की मूर्ति रखी जाएगी, पूरी दुनिया इसका गवाह बनेगी। लाखों लोग आएंगे। लेकिन हमें सतर्क रहना होगा। मुस्लिमों को 20 जनवरी से 25 जनवरी तक ट्रेन से यात्रा नहीं करनी चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications