डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद ने महिलाओं पर दिया 'घटिया बयान', BJP नेताओं ने उठाई गिरफ्तारी की मांग
लखनऊ, 30 अगस्त। गाजियाबाद के डासना स्थित शिव शक्ति मंदिर के पुजारी यति नरसिंहानंद सरस्वती अपने एक वीडियो की वजह से विवादों में हैं। महिलाओं को लेकर नरसिंहानंद ने जो टिप्पणी की उसकी वजह से उनकी काफी आलोचना हो रही है और उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यति नरसिंहानंद महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। अहम बात यह है कि नरसिंहानंद शिव शक्ति मंदिर के महंत हैं। हालांकि अभी यह बात साफ नहीं हो सकी है कि यह वीडियो कबका है लेकिन इस वीडियो की वजह से नरसिंहानंद की काफी आलोचना हो रही है और भाजपा नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, कई भाजपा नेताओं ने नरसिंहानंद की गिरफ्तारी की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी के युवा मो्चा के राष्ट्रीय मंत्री तजिंदर पाल सिंह बग्गा और कपिल मिश्रा ने नरसिंहानंद की गिरफ्तारी की मांग की है। तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने नरसिंहानंद के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि मैं रेखा शर्मा और यूपी पुलिस से अपली करता हूं कि इस फर्जी नरसिंहानंद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जबकि कपिल मिश्रा ने लिखा, यति नरसिंहानंद की महिलाओं के प्रति सोच किसी भगवाधारी की हो ही नहीं सकती। ये जिहादी सोच से बीमार कोई कुंठित आदमी हैं। इस आदमी को महिला आयोग और यूपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाना चाहिए। ये मां जगदम्बा के मंदिर में बैठने योग्य नहीं।
नरसिंहानंद के वीडियो के सामने आने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी मुकुल गोयल को पत्र लिखकर नरसिंहानंद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हमने पहले भी इस फर्जी आदमी के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन यूपी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एक बार फिर से हम इसे मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। रेखा शर्मा ने 7 अगस्त को यूपी पुलिस के डीजीपी मुकुल गोयल को लिखे पत्र को साझा किया है। वहीं सपा प्रवक्ता जूही सिंह ने नरसिंहानंद को मनुष्य रूपी दानव बताया और कहा कि यह सभ्य समाज में कहने के लायक नहीं है। जो लोग इसकी बातों पर हंस रहे हैं उनपर धिक्कार है।












Click it and Unblock the Notifications