पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर बोले भाजपा नेता तजिंदर पाल बग्गा, आतंकियों जैसा सलूक कर हुई गिरफ्तारी
दिल्ली में भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दावा किया है कि पंजाब पुलिस ने उन्हें कुछ इस तरह गिरफ्तार किया जैसे वे कोई आतंकी हों। उन्होंने दावा किया कि अरेस्ट के लिए पंजाब पुलिस की 10 गाड़ियां उनके घर आई थीं।
नई दिल्ली, 7 मई : भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी सुर्खियों में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेता बग्गा ने रिहाई के बाद शनिवार को दावा किया कि पंजाब पुलिस ने उनके साथ आतंकियों जैसा सलूक किया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के जवान बड़ी संख्या में उनके घर में घुसे। उन्हें गिरफ्तार करने के दौरान ऐसा बर्ताव किया गया 'जैसा कि वे एक आतंकवादी के साथ करते हैं'।
Recommended Video

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बग्गा ने अपनी गिरफ्तारी का पूरा वाकया सुनाया। उन्होंने कहा, पुलिस ने कोई वारंट नहीं दिखाया। लगभग आठ लोगों ने मुझे उठाया। बकौल बग्गा, 'मैंने उनसे कहा कि मुझे अपनी पगड़ी बांधने दो, लेकिन मुझे पगड़ी और चप्पल पहनने का मौका नहीं दिया गया। मुझे वाहन में धक्का देकर बैठाया गया।'
बग्गा का आरोप, आतंकी जैसा हुआ सलूक
बग्गा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब पुलिस ने मेरा अपहरण कर लिया। स्थानीय पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा, लगभग 50 पुलिसकर्मी आए और वैसा ही सलूक किया जैसे वे एक आतंकवादी के साथ करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के समय लगभग 10 पुलिस वाहन आए थे। सीसीटीवी फुटेज में इन गाड़ियों को देखा जा सकता है। बग्गा ने कहा कि यह बताने का प्रयास किया जा रहा है कि जो भी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बोलेगा वह सबसे बड़ा आतंकवादी होगा और उसे बख्शा नहीं जाएगा।
वीडियो के आधार पर एफआईआर
बता दें कि गत अप्रैल में बग्गा ने दावा किया था कि पंजाब पुलिस के अधिकारी दिल्ली पुलिस को सूचित किए बिना उन्हें गिरफ्तार करने लखनऊ में उनके घर पहुंचे थे। इस संबंध में बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की। बकौल बग्गा, एफआईआर दर्ज करने का आधार, एक टेलीविजन शो में की गई टिप्पणी है। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, वह पूरा बयान नहीं है। वीडियो का एक हिस्सा काट कर इस्तेमाल किया गया है, जिसमें उन्होंने कश्मीरी पंडितों के पलायन को लेकर केजरीवाल से माफी मांगने की मांग की थी। बता दें कि केजरीवाल ने मार्च महीने में दिल्ली विधानसभा में भाषण के दौरान कश्मीरी पंडितों से जुड़ी टिप्पणी की थी।
केजरीवाल के खिलाफ विरोध को दबाने का प्रयास ?
पंजाब पुलिस की कार्रवाई को 'अवैध रूप से' हिरासत में लेना बताते हुए बग्गा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस की कार्रवाई और उन्हें नजरबंद करने का प्रयास यह संदेश देने की कोशिश है कि अगर कोई भी आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो केजरीवाल के खिलाफ बोलेगा तो उसे 'सबसे बड़ा आतंकवादी' कहा जाएगा और उसे बख्शा नहीं जाएगा।बता दें कि बग्गा शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात को दिल्ली स्थित अपने आवास पर पहुंचे। दिल्ली पुलिस उन्हें हरियाणा से वापस ले आई। हरियाणा में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद बग्गा को मोहाली ले जाया जा रहा था।
बग्गा की गिरफ्तारी के बाद लाइव स्ट्रीमिंग
हिरासत में लिए जाने और मोहाली जाने के बाद के घटनाक्रम के बारे में भाजपा नेता बग्गा ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उनके साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया। हालांकि, पुलिस ने उनसे 'दो मुद्दों के बारे में बात करना बंद करने' को कहा। उन्होंने कहा, घर पर खराब बर्ताव और पिटाई के बाद, पंजाब पुलिस ने उनके साथ मारपीट नहीं की। ऐसा इसलिए क्योंकि शायद उन्हें आदेश दिया गया था। वे लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे।
बग्गा की मेडिकल जांच रिपोर्ट
बता दें कि दिल्ली पुलिस द्वारा वापस लाए जाने के बाद, शुक्रवार रात को बग्गा की चिकित्सा जांच कराई गई। राष्ट्रीय राजधानी के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में हुई जांच के संबंध में बग्गा ने कहा कि अस्पताल में किए गए मेडिकल परीक्षणों में, हमले के निशान दर्ज किए गए थे। दिल्ली पुलिस मामले की कार्यवाही चलने तक सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने हमले का दावा भी किया।
कश्मीर फाइल्स पर केजरीवाल
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को टैक्स फ्री करने की बीजेपी की मांग पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। केजरीवाल ने कहा था कि डायरेक्टर को फिल्म को यूट्यूब पर अपलोड कर देना चाहिए।











Click it and Unblock the Notifications