'...वो शूर्पणखा की तरह लगती हैं', लड़कियों के कपड़ों पर बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान
BJP leader Kailash Vijayvargiya ने लड़कियों पर फिर विवादित बयान दिया है। साथ ही उनकी तुलना शूर्पणखा से कर दी।

हनुमान और महावीर जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे। वहां पर उन्होंने महिलाओं के कपड़े और युवाओं के नशे की लत को लेकर विवादित बयान दिया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। (वीडियो-नीचे)
बीजेपी नेता ने कहा कि जब मैं रात में घर के लिए निकलता हूं, तो मैं शिक्षित युवाओं और बच्चों को नशे की हालत में देखता हूं, मेरा मन करता है कि कार से नीचे उतर जाऊं और उन्हें शांत करने के लिए पांच से सात बार थप्पड़ मारूं।
इसके बाद उन्होंने महिलाओं के कपड़ों पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं में देवी देखते हैं, लेकिन जिस प्रकार के भद्दे वस्त्र पहनकर लड़कियां घूमती हैं, वे देवी का रूप नहीं बल्कि शूर्पणखा के समान दिखाई देती हैं। भगवान ने आपको अच्छा और सुंदर शरीर दिया है, अच्छे कपड़े पहनिए दोस्तों।
उन्होंने माता-पिता को भी एक नसीहत दे डाली। बीजेपी नेता ने कहा कि आज बच्चों के लिए शिक्षा से ज्यादा संस्कार जरूरी है। ऐसे में मां-बाप अपने बच्चों को जरा संस्कार सिखाएं।
पहले भी दिया है ऐसा बयान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब बीजेपी का साथ छोड़कर आरजेडी के साथ सरकार बनाई थी, तो भी विजयवर्गीय ने ऐसा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जब मैं विदेश में यात्रा कर रहा था, तो किसी ने मुझे बताया कि वहां कि लड़कियां कभी भी अपना बॉयफ्रेंड बदल लेती हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी वैसे हैं, कोई नहीं जानता वो किसका साथ पकड़ सकते या छोड़ सकते हैं।
अग्निवीरों पर भी कही थी गलत बात
मोदी सरकार अग्निवीर योजना लेकर आई है,जिसके तहत अब सिर्फ 4 साल के लिए जवानों की भर्ती तीनों सेनाओं में की जा रही। उसको लेकर भी कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि इस योजना के अंतर्गत सेना से निकले जवानों को बीजेपी ऑफिस में गार्ड रखा जाएगा। हालांकि बाद में इसका जमकर विरोध हुआ, तो उन्होंने सफाई भी दी। उन्होंने कहा था कि टूलकिट गैंग ने उनका बयान तोड़ मरोड़कर पेश किया था।












Click it and Unblock the Notifications