भाजपा नेता बोले, जो बीफ खाते हैं वह कुत्ते का भी मांस खाएं, गाय के दूध में होता है सोना
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नेता दिलीप घोष ने बीफ खाने वाले बुद्धिजीवियों पर निशाना साधा है। बुद्धिजीवियों पर हमला बोलते हुए घोष ने कहा कि जो बुद्धिजीवी बीफ खाते हैं उन्हें कुत्ते का भी मांस खाना चाहिए क्योंकि इससे भी उनके स्वास्थ्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही उन्होंने इन लोगों से अपील की है कि आपको जो भी मीट खाना है अपने घर पर खाईए। घोष ने कहा कि कुछ बुद्धिजीवी सड़क पर बीफ खाते हैं, मैं उनसे कहता हूं कि आप कुत्ते का मांस भी खाइए, वो चाहे जिस भी जानवर का मांस खाएं, उनका स्वास्थ्य सही रहेगा, लेकिन सड़क पर आप क्यों खाते हैं। अपने घर पर खाइए।

बुद्धिजीवियों पर बरसे
भाजपा नेता का यह विवादित बयान उन बुद्धिजीवी नेताओं के खिलाफ है जो सड़क के किनारे बने स्टॉल पर बीफ खाते हैं, लेकिन विदेशी नस्ल के कुत्ते का मल साफ करने में उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। घोष ने कहा कि गाय हमारी माता है, हम उनका दूध पीकर जिंदा रहते हैं, ऐसे में अगर कोई मेरी मां से बुरा बर्ताव करता है तो मैं उनके साथ वैसा ही व्यवहार करुंगा, जैसा कि उनके साथ होना चाहिए। भारत की पवित्र धरती पर गायों की हत्या और बीफ खाना अपराध है।
Recommended Video

गाय के दूध में सोना
घोष ने कहा कि यह महाअपराध है। भाजपा नेता ने यह बयान पश्चिम बंगाल के बर्दमान में आयोजित गोपाष्टमी कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने दावा किया कि देसी गाय के दूध में सोना होता है, इसीलिए गाय का दूध सुनहरे रंग का होता है। साथ ही गाय की हत्या को उन्होंने जघन्य अपराध करार देते हुए कहा कि वह गोहत्या का हमेशा विरोध करते रहेंगे, जो लोग बीफ खाते हैं हम उनका विरोध लगातार करते रहेंगे।

विवादों में रहते हैं
भाजपा नेता दिलीप घोष अक्सर अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने देसी और विदेशी गाय की तुलना की थी, उन्होंने कहा था कि सिर्फ देसी गाय ही हमारी माता है, विदेशी गाय नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भी हैं जो विदेशी पत्नियां लाते हैं और वह मुश्किल में हैं। कुछ महीने पहले अगस्त माह में दिलीप घोष ने पूर्वी मिदनापोर में एक पुलिस अधिकारी को धमकी दी थी, जिसकी वजह से चर्चा में आए थे। उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ गलत व्यवहार किया तो तुम्हारा शव किसी को नहीं मिलेगा और तुम्हारे घरवाले तुम्हारा अंतिम संस्कार भी नहीं कर पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications