Maharashtra: महाराष्ट्र में हर घड़ी बदल रहे हैं सियासी तेवर, शरद पवार की अगुवाई में NCP की बैठक आज
Recommended Video
मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार सियासी घटनाक्रम बदल रहे हैं, शनिवार सुबह तक एनसीपी प्रमुख शरद पवार जहां हैरान-परेशान और ठगे हुए दिख रहे थे वो ही शाम तक आत्मविश्वासी और मजबूत नजर आ रहे थे, शरद पवार का दावा है कि भले ही देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार ने मिलकर सरकार बना ली है लेकिन वो फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित नहीं कर पाएंगे, क्योंकि उसके पास 49 विधायकों का समर्थन है और इनमें कुछ वह विधायक भी शामिल हैं जो अजित पवार के साथ चले गए थे।

शरद पवार की अगुवाई में आज होगी NCP की महत्वपूर्ण बैठक
शरद पवार की अगुवाई में आज भी NCP की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इससे पहले शरद पवार ने अपनी सहयोगी दलों के नेताओं के फोन कर सब कुछ नियंत्रण में होने की बात कही है, कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना अपने विधायकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
अजित के भरोसेमंद कहे जा रहे धनंजय मुंडे भी पवार की मीटिंग में
इसी बीच अजीत पवार के साथ राजभवन गए विधायकों ने शरद पवार के साथ होने की बात कही है। एनसीपी विधायक दिलिपराव बनकर ने ट्वीट करके कहा है, 'मेरी श्रद्धा शरद पवार के साथ है। मैं केवल एनसीपी के साथ हूं। मैं अजित पवार के कहने पर राजभवन गया था।' यही नहीं एनसीपी की बैठक में अजित के भरोसेमंद कहे जा रहे धनंजय मुंडे भी शामिल हुए थे।

288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी के 54 विधायक हैं
एनसीपी के विधायक लगातार मीडिया के सामने आकर शरद पवार के साथ होने की बात कर रहे हैं। मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अतुल बेनके ने कहा कि, मैं शरद पवार जी के साथ हूं। हम सब साथ हैं। आपको बता दें कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी के 54 विधायक हैं। जिसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में फिर से किसी बड़े उलटफेर होने की संभावना जताई जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा महाराष्ट्र का मामला
तो वहीं महाराष्ट्र का ये मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है, जिस पर आज सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने याचिका दाखिल करके महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के उस आदेश को रद्द करने की मांग की है, जिसमें उन्होंने सूबे में सरकार बनाने के लिए देवेंद्र फडणवीस को आमंत्रित किया था, अब रविवार को मामले में जस्टिस एनवी रमना, जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच सुनवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications