BJP ने अपने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप, ला सकती है नागरिकता बिल
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक यानी तीन दिन के लिए अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार की नरेंद्र मोदी सरकार इस दौरान नागरिकता संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। बुधवार को केंद्रीय मंत्रीमंडल ने नागरिकता संशोधन विधेयक-2019 (CAB) को अपनी मंजूरी दी थी। 9 दिसंबर को नागरिकता संशोधन बिल लोकसभा में पेश हो सकता है।

इस विधेयक के संसद में पारित होकर कानून बन जाने के बाद पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में उत्पीड़न के शिकार हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन और बौद्ध धर्म के लोगों को भारत की नागरिकता मिल सकेगी। यह बिल नागरिकता अधिनियम-1955 को संशोधित करने और कुछ चुनिंदा श्रेणियों के अवैध प्रवासियों को नागरिकता देने के लिए लाया जा रहा है। इस बिल में मुस्लिम समुदाय को शामिल नहीं करने पर विपक्ष, अल्पसंख्यक संगठन और अन्य मोदी सरकार को लगातार घेर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने इस विधेयक का विरोध करते हुए इसे असंवैधानिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह भारत के मूल विचार का उल्लंघन करता है। इस बिल का कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, सपा, आरजेडी और लेफ्ट जैसी विपक्षी पार्टियों ने जोरदार विरोध किया है।












Click it and Unblock the Notifications