BJD सरकार पर बरसी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष बोले- ओडिशा में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है
ओडिशा सरकार पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर तंज कसते हुए ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष मनमोहन समल ने कहा कि ओडिशा सरकार भगवान भरोसे चल रही है, किसी को नहीं पता है कि प्रदेश की सरकार कौन चला रहा है, यहां कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है।
समल ने कहा कि ओडिशा सरकार भ्रष्ट सरकार है। भाजपा की यह जिम्मेदारी है कि वह प्रदेश से भ्रष्टाचार को खत्म करे और प्रदेश सरकार को सत्ता से बाहर करे। ओडिशा सरकार की तुलना किशोर कुमार की फिल्म चलती का नाम गाड़ी से तुलना करते हुए समल ने कहा कि सच तो यह है कि मुझे प्रदेश में कोई सरकार ही नजर नहीं आ रही है।

मुख्यमंत्री लापता हैं, मंत्री लापता हैं, यहां तक कि विधायक भी लापता हैं। मैं प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज देख नहीं पा रहा हूं। ओडिशा राम भरोसे चल रहा है। ऐसा लग रहा है कि जैसे चलती का नाम गाड़ी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर यहां कानून का राज होता तो 350 करोड़ रुपए कैश शराब व्यापारी के घर से नहीं मिलते, ना ही श्रीमंदिर रत्न भंडार की चाफी लापता हुई होती। हम सभी से कहीं बेहतर मतदाता को पता है। वो अगले साल के चुनाव में जरूर इसका जवाब देंगे। इससे पहले समल ने कहा कि भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में बीजेडी को कड़ी चुनौती देगी। भाजपा को अगले चुनाव में 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है।
समल के अनुसार दिल्ली में भाजपा नेतृत्व की बैठक के दौरान आगामी चुनाव के रोडमैप को तैयार किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ओडिशा को खास तौर पर प्राथमिकता दे रहे हैं। दिल्ली में हुई बैठक काफी देर तक चली, जिसमे ओडिशा को लेकर लंबी चर्चा हुई।












Click it and Unblock the Notifications