Maharashtra: 4 दिसंबर को BJP विधायक दल की बैठक, पर्यवेक्षक बने निर्मला सीतारमण और विजय रुपानी
Maharashtra BJP: महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनना तय है, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। सहयोगी दल के नेता अजित पवार ने यह साफ किया है कि मुख्यमंत्री बीजेपी से ही होगा, जबकि सहयोगी दलों से दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे।
इस बीच बीजेपी ने महाराष्ट्र में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। अब बीजेपी जल्द ही अपना विधायक दल का नेता चुनेगी।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को 236 सीटों पर जीत मिली है, जिसमें बीजेपी को 132, शिवसेना को 51 और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को 46 सीटें मिली हैं। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी को करारी हार का सामना करना पड़ा है।
महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों में से बीजेपी की बढ़त के साथ, अगले मुख्यमंत्री का फैसला जल्द ही होने की संभावना है।
बीजेपी के पर्यवेक्षक नियुक्त, विधायक दल का नेता चुनाव 4 दिसंबर को
गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। ये दोनों नेता महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव में मदद करेंगे। 4 दिसंबर को महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता का चुनाव होगा और इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी होगी। विजय रुपाणी, जो पंजाब में बीजेपी के प्रभारी हैं, महाराष्ट्र में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
महाराष्ट्र में दोनों सहयोगी दल, एनसीपी और शिवसेना ने अपने-अपने विधायक दल के नेता का चुनाव पहले ही कर लिया है। एनसीपी ने अजित पवार और शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को अपना नेता चुना है, लेकिन बीजेपी में यह प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में जिस नेता के नाम पर मुहर लगेगी, उसी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में महायुति की सरकार का गठन होगा। सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र फडणवीस इस रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
नए विभागों का बंटवारा भी अहम
महाराष्ट्र में अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि विभागों का बंटवारा किस प्रकार होगा। बीजेपी, शिवसेना और अजित पवार की पार्टी के बीच विभागों का वितरण महायुति की अगली बैठक में तय होगा। यह फैसला सरकार गठन से पहले लिया जाएगा।
5 दिसंबर को शपथ ग्रहण
महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथ ग्रहण 5 दिसंबर को मुंबई के आज़ाद मैदान में होगा। हालांकि, 23 नवंबर को चुनाव नतीजों के बाद से सरकार के गठन को लेकर विपक्षी दलों द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे। अब शपथ ग्रहण की तारीख तय हो चुकी है, लेकिन राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कयासों का सिलसिला जारी है। बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बन सकता है।
यह भी पढ़ें मुंबई में महिला के साथ 1.7 लाख रुपये की साइबर ठगी, वीडियो कॉल पर किया डिजिटल अरेस्ट, कपड़े भी उतरवाए












Click it and Unblock the Notifications