BJP Foundation Day: 'कमल बना विश्वास और आशा का प्रतीक', पार्टी स्थापना दिवस पर PM मोदी, अमित शाह का संदेश
BJP Foundation Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और पार्टी की राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी पार्टी की स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास और विकास की दिशा में उसके योगदान का उल्लेख करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को "पार्टी की रीढ़" करार दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उन सभी को याद किया जिन्होंने पिछले कई दशकों में पार्टी को मजबूत करने के लिए खुद को समर्पित किया।

BJP Foundation Day: PM ने पार्टी के संकल्प को किया याद
पीएम ने कहा यह महत्वपूर्ण दिन हमें भारत की प्रगति की दिशा में काम करने और विकसित भारत के सपने को साकार करने की हमारी अद्वितीय प्रतिबद्धता को दोहराता है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा की सरकारों ने विभिन्न स्तरों - चाहे वह लोकसभा हो, राज्य विधानसभा हो या फिर स्थानीय निकाय - पर सेवा और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है।
प्रधानमंत्री ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए लिखा, "हमारी पार्टी की रीढ़, हमारे सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, क्योंकि वे जमीन पर सक्रिय रूप से काम करते हैं और हमारे सुशासन के एजेंडे को विस्तार से बताते हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि हमारे कार्यकर्ता देश के हर हिस्से में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं और गरीबों, दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनकी ऊर्जा और उत्साह वास्तव में प्रेरक है।"
BJP Foundation Day: पार्टी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च लक्ष्य बनाया, गृहमंत्री शाह
इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि "कमल का निशान देशवासियों के दिलों में विश्वास और आशा का नया प्रतीक बन गया है।" अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की यात्रा का उल्लेख और कहा कि वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देते रहेंगे।
शाह ने पार्टी की ऐतिहासिक उपलब्धियों को याद करते हुए अनुच्छेद 370 के हटाए जाने और अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण को विशेष रूप से उल्लेखित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीबों, वंचितों और महिलाओं के कल्याण को प्राथमिकता दी है। चाहे वह राम मंदिर आंदोलन हो या जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना-पार्टी ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च लक्ष्य बनाया है।
गृहमंत्री ने कहा, "भाजपा ने अपनी चार दशक की यात्रा में यह साबित किया है कि एक राजनीतिक दल विरासत का सम्मान करते हुए हर गरीब को आवास, भोजन, स्वास्थ्य और किसान कल्याण सुनिश्चित कर सकता है।"
BJP Foundation Day: भाजपा का इतिहास और यात्रा
भारतीय जनता पार्टी की नींव मूल रूप से 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा रखी गई थी, जब उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। यह पार्टी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा से प्रेरित थी और राष्ट्रवाद को केंद्र में रखकर काम करती थी। बाद में, 1980 में भारतीय जनता पार्टी के रूप में इसका पुनर्गठन हुआ।
पार्टी को व्यापक पहचान 1990 के दशक में मिली जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्रीय राजनीति में एक प्रमुख ताकत बनकर उभरी। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी सरकार ने देश में गठबंधन राजनीति को नई दिशा दी। बता दें कि आपातकाल के बाद 1977 में जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हुआ था, लेकिन 'दोहरी सदस्यता' के मुद्दे पर मतभेदों के कारण जनसंघ के सदस्यों ने अलग होकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की।
भाजपा की राजनीतिक यात्रा में अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी दो प्रधानमंत्री रहे हैं। पार्टी ने 1996, 1998 और 1999 के लोकसभा चुनावों में प्रमुख भूमिका निभाई, और 2019 के लोकसभा चुनावों में 303 सीटें जीतकर इतिहास रचा।












Click it and Unblock the Notifications