MP: राज्यपाल से मिला बीजेपी डेलिगेशन, कमलनाथ सरकार के फैसलों पर रोक लगाने की मांग
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान अपने आखिरी मुकाम पर पहुंचता दिखाई नहीं दे रहा है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने पास बहुमत होने का दावा कर रहे हैं वहीं, दूसरी ओर भारतीय जानता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राज्यपाल से मुकालात कर राज्य सरकार द्वारा लिए गए पिछले तीन दिनों के फैसलों पर रोक लगाने की मांग की है। इस सिलसिले में बीजेपी के डेलिगेशन ने राज्यपाल लालजी टंडन को एक पत्र भी सौंपा है। बता दें कि अब तक किसी तरह कमलनाथ सरकार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट से बचती आई है लेकिन अब बीजेपी ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
Recommended Video

मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को पत्र लिखकर कमलनाथ सरकार की शिकायत की है। बीजेपी ने पत्र में राज्यपाल से अनुरोध किया है कि अल्पमत की कमलनाथ सरकार को राज्य में महत्वपूर्ण नियुक्ति या स्थानान्तरण के अधिकार का दुरुपयोग करने से रोका जाए। पिछले 3 दिनों में अल्पमत सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
दूसरी ओर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा, मध्यप्रदेश सरकार को पता है कि इनके पास अब बहुमत नहीं है परन्तु लगातार संवैधानिक पदों पर नियुक्ति की जा रही हैं। कुछ अधिकारी इनके कहने पर काम कर रहे हैं,मैं आज उनको चेतावनी देना चाहता हूं एक-एक की सूची बना रहा हूं, उनसे निपटा जाएगा, एक-एक का हिसाब किया जाएगा।
बता दें कि बीजेपी ने मध्यप्रदेश में फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षकारों को नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने स्पीकर, मुख्यमंत्री और विधान सभा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को नोटिस जारी किया है। सभी पक्षकारों को ईमेल और वॉट्सएप के जरिए नोटिस भेजे जाएंगे। वहीं बागी विधायकों ने भी पक्षकार बनने की अर्जी लगाई है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश: कांग्रेस के बागी विधायक बोले- कमलनाथ ने हमारी नहीं सुनी, अब हम सिंधिया के साथ












Click it and Unblock the Notifications