Daily Political Update: कोलकाता में ममता सरकार पर बरसे शाह, असम CM ने टनल बचाव अभियान को लेकर कांग्रेस को घेरा
Daily Political Update: तेलंगाना में गुरुवार (30 नवंबर) को 119 सीटों पर मतदान के बाद सियासी दलों की नजर 3 दिसंबर को होने वाली काउंटिंग पर है। 3 दिसंबर को साफ हो जाएगा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में किसकी सरकार बनेगी?
इसके अलावा अब लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों भी तेज हो गई हैं, जिसके तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कोलकाता में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। ऐसे में जानिए देशभर की बड़ी राजनीतिक हलचल, सिर्फ एक खबर में।

ममता सरकार पर बरसे अमित शाह
पश्चिम बंगाल की राजधावी कोलकाता के धर्मतला में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता सरकार पर जमकर हमला बोला।शाह ने कहा कि जिस राज्य में इतनी घुसपैठ होती है, क्या वहां कभी विकास होगा? इसलिए ममता बनर्जी CAA का विरोध कर रही हैं। लेकिन मैं कहूंगा कि CAA देश का कानून है और इसे कोई नहीं रोक सकता। हम इसे लागू करेंगे।
शाह ने आगे कहा, "मैं आपसे पूछना चाहता हूं, क्या कोई परिवर्तन हुआ है, क्या तुष्टिकरण बंद हो गया है, क्या राजनीतिक हिंसा बंद हो गई है और क्या भ्रष्टाचार बंद हो गया है? पीएम मोदी पश्चिम बंगाल के लिए लाखों-करोड़ों भेजते हैं, लेकिन टीएमसी उसे गरीबों तक नहीं पहुंचने देती।अगर 2026 में बीजेपी की सरकार बनानी है तो 2024 के लोकसभा चुनाव में इसकी नींव रखनी होगी।"
TMC का प्रदर्शन
कोलकाता में TMC ने 100 दिन के फंड के मुद्दे के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में विधानसभा परिसर में बीआर अंबेडकर प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
असम सीएम ने कांग्रेस को घेरा
असम के गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने टनल बचाव अभियान को लेकर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कल सुबह ही खबर आ गई थी कि कल मजदूर निकलने वाले हैं तो हम व्याकुल थे और कल मेरा तेलंगाना में कार्यक्रम था लेकिन मैं वहां नहीं गया परंतु राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तेलंगाना में अपने कार्यक्रम में व्यस्त थे, 26/11 के समय भी ये लोग ऐसा ही कर रहे थे। कांग्रेस का इतना असंवेदनशील नेतृत्व देश ने कभी नहीं देखा। ये इतना अमानवीय है जिसकी तुलना भी नहीं की जा सके।
गहलोत का दावा-जितेंगे 4 राज्य
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, " हम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जीतेंगे और तेलंगाना में भी जीत सकते हैं, मैं कल तेलंगाना गया था वहां बहुत शानदार मौहाल है, पूरे देश में माहौल बदल रहा है और पीएम मोदी के नैरेटिव फेल हो रहे हैं।"
यूपी विधानसभा सत्र-अखिलेश यादव का बयान
लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "ये सरकार जान बूझकर सरकारी व्यवस्थाओं को इसलिए खत्म कर रही है ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा निजी अस्पतालों में इलाज करवाएं। सरकार की जो जिम्मेदारी है कि गरीब को सरकारी अस्पतालों में इलाज मिल जाए, वो जिम्मेदारी सरकार नहीं निभा रही है। इनकी(भाजपा) सरकार में हर अस्पताल में दलाल बैठे हुए हैं जो प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों को ले जाते हैं।"
यूपी डिप्टी सीएम का बयान
उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "विपक्ष पूरी तरह से डीरेल है। उन्हें पूरे संसदीय इतिहास की कोई जानकारी नहीं है। उनके DNA में गुंडई और अराजकता है। उन्हें विधायी सिस्टम की ही जानकारी नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications