बीजेपी का बड़ा ऐलान, बिहार से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे सुशील मोदी
नई दिल्ली। बिहार चुनाव में मिली जीत के बाद बीजेपी की तरफ से उप-मुख्यमंत्री के लिए सुशील मोदी का नाम न लेने के बाद से ही ऐसी उम्मीद जतायी जा रही थी कि पार्टी उन्हें नई जिम्मेदारी दे सकती है। हुआ भी ऐसा ही है। बीजेपी ने ऐलान किया है कि सुशील मोदी राज्यसभा जाएंगे। बिहार से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है। यह जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दी है।

आपको बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान के निधन के बाद बिहार की सीट खाली हुई है। गौरतलब है कि सुशील मोदी 1990 में सक्रिय राजनीति में आए और पटना सेंट्रल विधानसभा सीट से चुने गए। 1995 और 2000 में भी वे विधानसभा पहुंचे।
1996 से 2004 के बीच वे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। पटना हाई कोर्ट में उन्होंने लालू प्रसाद के खिलाफ जनहित याचिका डाली जिसका खुलासा चर्चित चारा घोटाले के रूप में हुआ था। 2004 में सुशील मोदी ने लोकसभा का चुनाव लड़ा और भागलपुर से विजयी रहे।












Click it and Unblock the Notifications