बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का ऐलान- ओडिशा में हम अकेले चुनाव लड़ेंगे
भुवनेश्वर (ओडिशा)। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ओडिशा विधानसभा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी अपनी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ओडिशा दौरे पर हैं जहां भुवनेश्वर में उन्होंने ये बातें कही हैं।
ओडिशा दौरे पर हैं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह

2019 में होने वाले ओडिशा विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी खास तैयारी में जुटी हुई है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर में हैं, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव में उतरेगी। पार्टी किसी भी क्षेत्रीय दल से गठबंधन की योजना नहीं बना रही है।
गुरुवार को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भगवान लिंगराज मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे। शुक्रवार को अमित शाह भुवनेश्वर के जनता मैदान में एक रैली भी करने वाले हैं। शुक्रवार को ही उनका कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने का भी है। बता दें कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में कुल 147 सीटें हैं, 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 10 सीटें जीतीं थी। ओडिशा में इस समय नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल सरकार चला रही है। 2014 के चुनाव में बीजू जनता दल के खाते में 117 सीटें गई थीं। वहीं कांग्रेस पार्टी ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की थी।


Click it and Unblock the Notifications
