नूपुर शर्मा के निलंबन के बाद भाजपा पर दो तरफा हमला, समर्थक नाराज तो विरोधी भी हुए आक्रामक
नूपुर शर्मा के निलंबन के बाद भाजपा पर दो तरफा हमला, समर्थक नाराज तो विरोधी भी हुए आक्रामक
नई दिल्ली, 06 जून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में एक टीवी बहस के दौरान पैगंबर मुहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा को निलंबित कर दिया है। बीजेपी द्वारा नुपुर शर्मा को निलंबित करने के बाद पार्टी दोतरफा हमला झेल रही है। एक ओर जहां, बीजेपी के समर्थक इस बात से नाराज हैं कि नूपुर शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है, तो वहीं विरोधी बीजेपी पर आक्रामक बयान दे रहे हैं। आइए जानें सोशल मीडिया पर लोग क्या कह रहे हैं।

'भाजपा नूपुर शर्मा पर सिर्फ निलंबन की दिखावटी कार्रवाई न करें...'
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ''भाजपा नूपुर शर्मा पर सिर्फ निलंबन की दिखावटी कार्रवाई न करे बल्कि वैधानिक कदम उठाए। विवादित बयान पर भाजपा से निलंबन तो उनका भी हुआ था, जो आज उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री बने बैठे हैं।''
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ''काश मोदी-शाह जी आपने अपने अंध भक्तों को इतनी खुली छूट नहीं दी होती तो भारत की विदेशों में इस प्रकार की बेइज्जती नहीं होती। यह केवल शुरुआत है।
यह देश नफरत के आधार पर नहीं प्रेम सद्भाव सत्य अहिंसा के आधार पर ही चल कर विश्व गुरू बन सकता है।''
'असमाजिक तत्व, तो मेनस्ट्रीम के नेता हैं...'
असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर कहा, ''असमाजिक तत्व, तो मेनस्ट्रीम के नेता हैं...अमित शाह इस मामले में कम नहीं हैं। क्या यही कारण है कि पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है? निलंबन तो बस एक दिखावा है। छोटा सावरकर जैसे नेताओं को सरकार का समर्थन है...। अगर सही मायने में सभी को दंडित किया जाता, तो भाजपा के प्रवक्ता टीवी पर पैगंबर का अपमान नहीं करते।''
जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने नूपुर शर्मा को निलंबित करने के बाद भाजपा पर कटाक्ष किया। अब्दुल्ला ने कहा, " लगता है अरब जगत की प्रतिक्रिया वास्तव में तीखी रही होगी।"
Recommended Video

मायावती बोलीं- उनको सख्त कानूनों के तहत जेल भेजना चाहिए
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, ''देश में सभी धर्मों का सम्मान जरूरी। किसी भी धर्म के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं। इस मामले में बीजेपी को भी अपने लोगों पर सख्ती से शिकंजा कसना चाहिए। केवल उनको सस्पेंड व निकालने से काम नहीं चलेगा बल्कि उनको सख्त कानूनों के तहत जेल भेजना चाहिए।''
मायावती ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, ''इतना ही नहीं बल्कि कानपुर में अभी हाल ही में जो हिंसा हुई है, उसकी तह तक जाना बहुत जरूरी। साथ ही, इस हिंसा के विरुद्ध हो रही पुलिस कार्रवाईयों में निर्दोष लोगों को परेशान ना किया जाए।''
'भाजपा की कायराना हरकत है, पार्टी ने उसे भेड़ियों के हवाले कर दिया...'
नूपुर शर्मा के समर्थन में लेखक आनंद रंगनाथन ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा, ''नूपुर शर्मा को सस्पेंड करना, भाजपा की कायराना हरकत है। पार्टी ने उन्हें भेड़ियों के हवाले कर दिया है। नूपुर हम चाहते हैं कि आप जानें, इस देश की ताकत किसी पार्टी से नहीं, अपने लोगों के हाथों में है, और हम लोग, हमेशा हर कदम, हर सांस में आपके साथ खड़े हैं।''
मोहनदास पाई ने अपने अधिकारिक हैंडल से लिखा, ''धार्मिक कट्टरता के खिलाफ नूपुर शर्मा का समर्थन करें। हमें आतंकवादियों की धमकियों, मध्ययुगीन धार्मिक कट्टरता के खिलाफ लड़ने की जरूरत है!''

विवेक अग्निहोत्री बोले- अब समय आ गया है कि आप अपने नाम के आगे दुर्गा लगाएं...
फिल्म कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने नूपुर शर्मा के समर्थन में ट्वीट किया। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''एक बार फिर अर्बन नक्सलियों की जीत हुई। मैं आपके साथ खड़ा हूं नूपुर शर्मा। . अब समय आ गया है कि आप अपने हैंडल को @NupurSharmaDurga (नूपुर शर्मा दुर्गा ) में बदलें।

'ये BJP का नुकसान है, आपका नहीं...'
फिल्म मेकर अशोक पंडित ने भी नूपुर शर्मा के समर्थन में ट्वीट किया है। अशोक पंडित ने लिखा, ''डियर नूपुर शर्मा, आप अपनी पार्टी द्वारा ऐसे समय लिए गए निर्णय से बहुत परेशान होंगी, जब आपको उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। आप बड़े विश्वास और ईमानदारी के साथ सेनानी रही हैं। यह उनका नुकसान है और आपका नहीं। आप एक विजेता हैं और आप ऐसा करना जारी रखिए।''

नूपुर शर्मा ने मांगी माफी
पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान देने के बाद नूपुर शर्मा ने माफी मांगी है। नूपुर शर्मा ने कहा है, ''मैं अपने शब्द वापस लेती हूं...मेरी मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं।''












Click it and Unblock the Notifications